गिद्धौर : तस्करों की मंशा शराब की बड़ी खेप को ठिकाने तक पहुंचाने की थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। गिद्धौर पॉवर ग्रिड के पास मंगलवार देर रात पुलिस को देखकर तेज रफ्तार कार भागने लगी और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि दुकानदार बाल-बाल बच गया। पुलिस ने कार को जब्त कर उसकी डिक्की से 23 कार्टून में 198 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है।
पुलिस को देखते ही तेज रफ्तार में भागने लगी कार
जानकारी के अनुसार, गिद्धौर पुलिस को शराब तस्करी की गतिविधि की सूचना मिली थी। पुलिस की सक्रियता को देखते हुए शराब लदी कार का चालक भागने लगा। पुलिस ने कार का पीछा किया। इसी दौरान पॉवर ग्रिड के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चाय की दुकान में जा घुसी।

अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दुकान पर मौजूद दुकानदार इसकी चपेट में आने से बच गया।
कार की डिक्की से मिली 198 लीटर अंग्रेजी शराब
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जब उसकी तलाशी ली तो डिक्की से 23 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 198 लीटर है।
शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस ने मामले को शराब तस्करी से जोड़ते हुए जांच शुरू कर दी है।
अंधेरे का फायदा उठाकर चालक फरार
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब जब्त कार के आधार पर चालक और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
कार्रवाई गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मालिक के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने पीछा कर शराब लदी कार को जब्त किया और शराब को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी अभिषेक कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
शराबबंदी कानून के तहत होगी कार्रवाई
गिद्धौर पुलिस ने मामले में शराबबंदी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
Written & Edit by : Chandan Patel

ये भी पढ़ें…छेदलाही में सेंधमारी: बेटी की शादी के लिए जुटाए जेवर-नकदी ले उड़े चोर, घर में मचा कोहराम
