Jamui News: बारिश के दौरान ठनका गिरने से दो लोगों की गई जान : जमुई जिले में गुरुवार सुबह हुई बारिश के दौरान ठनका (आसमानी बिजली) गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया। मृतकों में एक बुजुर्ग किसान और एक युवक शामिल हैं। घटना नारायणपुर के आशाटोल गांव और जमुई रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान आशाटोल निवासी प्रकाश शर्मा (65) और मदरौनी निवासी ज्वाला सिंह (42) के रूप में हुई है।

खेत में काम कर रहे किसान की ठनका की चपेट में आने से मौत
जानकारी के अनुसार आशाटोल गांव निवासी प्रकाश शर्मा अपनी पत्नी सुदामा देवी के साथ घर के पास खेत में मकई का डंठल उठा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई।
बारिश के बीच तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा, जिसकी चपेट में प्रकाश शर्मा आ गए। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और मजदूर उनकी मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पति की मौत के बाद पत्नी सुदामा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय मुखिया नीतीश कुमार भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।
बताया जाता है कि प्रकाश शर्मा के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है।
रेलवे स्टेशन के पास युवक पर गिरी बिजली
दूसरी घटना जमुई रेलवे स्टेशन के समीप हुई। जानकारी के अनुसार मदरौनी निवासी ज्वाला सिंह लंबे समय से मलयपुर स्थित अपने ननिहाल में रह रहे थे।
उनके मामा कमल किशोर सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह चाय पीने के बाद ज्वाला सिंह मलयपुर बाजार की ओर निकले थे। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पास यार्ड क्षेत्र में खड़े हो गए। तभी अचानक ठनका गिरा और वह गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई ले गए। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
बारिश और वज्रपात के दौरान बरतें सावधानी
मौसम विभाग लगातार बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी कर रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के दौरान खुले खेत, पेड़ के नीचे, रेलवे यार्ड और खुले स्थानों पर खड़ा होना खतरनाक हो सकता है। ऐसे समय में सुरक्षित भवनों के अंदर शरण लेना चाहिए।
बारिश से बचने की कोशिश कर रहे युवक की जिंदगी खत्म हो गई।
जमुई जिले में ठनका गिरने से हुई दो मौतों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बारिश के मौसम में सावधानी बेहद जरूरी है। एक तरफ खेत में काम कर रहे किसान की जान चली गई, तो दूसरी तरफ बारिश से बचने की कोशिश कर रहे युवक की जिंदगी खत्म हो गई। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Written by : Chandan Patel.
ये खबर भी पढ़े…गिद्धौर में दो टेंपो की आमने-सामने टक्कर, वाहन पलटने से कई यात्री घायल
गिद्धौर-झाझा रेलखंड पर ट्रेन से कटकर अज्ञात वृद्ध महिला की मौत, पहचान में जुटी पुलिस
