जमुई, बिहार: जमुई जिले के खैरा बाजार में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोचिंग जा रही एक छात्रा की मौत हो गई। तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा ने साइकिल सवार छात्रा को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल यानी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर हाइवा में तोड़फोड़ की।
खैरा पंचमंदिर के पास हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे खैरा बाजार स्थित पंचमंदिर के समीप हुआ। मृत छात्रा की पहचान बरियारपुर निवासी मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह साइकिल से कोचिंग पढ़ने खैरा जा रही थी।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा वाहन के चक्के में फंस गई और करीब 15 फीट तक घिसटती चली गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कोचिंग जाने के दौरान छिन गई जिंदगी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुस्कान कुमारी सुबह अपने घर से कोचिंग के लिए निकली थी। खैरा बाजार पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाइवा की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
चालक को पकड़ने की कोशिश, पास के एक घर में जा छिपा
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह पास के एक घर में जाकर छिप गया। चालक के भागने की खबर मिलते ही लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
छात्रा की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने खैरा बाजार मुख्य मार्ग को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया। लोगों ने बालू लदे हाइवा में जमकर तोड़फोड़ की और उसके शीशे तोड़ दिए। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

खैरा पुलिस को करना पड़ा भारी विरोध का सामना
घटना की सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने और सड़क जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग कार्रवाई और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को शांत कराने में जुटी हुई है। इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने उठाए तेज रफ्तार बालू वाहनों पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि खैरा और आसपास के इलाकों में बालू लदे भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोडिंग और तेज गति से चलने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, मृत छात्रा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खैरा बाजार में हुई यह दर्दनाक घटना ने एक घर का चिराग बुझा दिया
खैरा बाजार में हुई यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार भारी वाहनों के खतरे को उजागर करती है। वही एक छात्रा की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। एक हँसता खेलता परिवारी के घर का चिराग बुझ गया है,स्थानीय लोग दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
