गिद्धौर, जमुई। क्यूल-झाझा रेलखंड के गिद्धौर रेलवे स्टेशन क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर-गेनाडीह रेलवे फाटक के समीप गुरुवार तड़के तकरीबन 4-5 बजे सुबह एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात वृद्ध महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह अप मेन लाइन पर एक वृद्ध महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला का शव कई हिस्सों में कटकर क्षत-विक्षत हो गया। रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

गिद्धौर रेलवे प्रशासन ने कंट्रोल रूम को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही गिद्धौर स्टेशन प्रबंधक ने तत्काल रेलवे कंट्रोल को सूचित किया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची गिद्धौर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।
अब तक नहीं हो सकी मृतक महिला की पहचान
मृत महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों से संपर्क कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। वहीं पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि महिला दुर्घटनावश ट्रेन की चपेट में आई या मामला कुछ और है।
72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा शव
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष?
गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मालिक ने बताया कि मृतका की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को 72 घंटे तक पुलिस निगरानी में रखा जाएगा। यदि इस दौरान कोई परिजन या पहचानकर्ता सामने आते हैं तो आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
गिद्धौर पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मृत महिला कहां की रहने वाली थी और घटना के समय रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंची।
Written by : Chandan Patel.
Reported by: Bikki Kumar
ये खबर भी पढ़े…गिद्धौर में दो टेंपो की आमने-सामने टक्कर, वाहन पलटने से कई यात्री घायल
