जमुई | झाझा। बिहार के जमुई जिले में एक परिवार की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब रविवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर खूनी तांडव मचा दिया। हथियारों से लैस करीब एक दर्जन बदमाशों ने परिवार के लोगों पर जानलेवा हमला किया, फायरिंग की और शादी के लिए रखे लाखों रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए। इस हमले में गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय बेबी देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हैं। घटना के पीछे जमीन बंटवारे का पुराना विवाद बताया जा रहा है।
शादी से दो दिन पहले घर में मचा था कोहराम
यह सनसनीखेज घटना झाझा थाना क्षेत्र के दादपुर गांव की है। पीड़ित दिनेश यादव की बेटी काजल कुमारी की शादी 1 जुलाई को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और पूरा परिवार खुशियों में डूबा था। लेकिन देर रात अचानक नकाबपोश बदमाशों ने घर पर धावा बोल दिया और देखते ही देखते पूरा माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
तलवार, टांगी और हथियारों से किया हमला
घायल उमेश कुमार यादव के अनुसार, परिवार के सदस्य छत पर सो रहे थे। इसी दौरान बड़े भाई वासुदेव यादव ने घर का दरवाजा खोला, जिसके बाद करीब एक दर्जन नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। सभी बदमाश काले कपड़े पहने हुए थे और तलवार, टांगी सहित अन्य घातक हथियारों से लैस थे। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
फायरिंग कर मचाई दहशत, गोली लगने से महिला घायल
घायल काजल कुमारी ने बताया कि बदमाशों ने मारपीट के दौरान दो से तीन राउंड फायरिंग भी की। एक गोली उसकी मां सुहागा देवी के पैर में लगी। बदमाशों ने घर में रखे मोबाइल फोन छीन लिए और शादी के लिए रखे जेवरात लूट लिए। गोलीबारी और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी बाइक से फरार हो चुके थे।
इलाज के दौरान बेबी देवी की मौत
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को झाझा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बेबी देवी, सुहागा देवी, काजल कुमारी, कोमल कुमारी और सुबोध कुमार को सदर अस्पताल, जमुई रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए सभी को पटना भेजा गया, लेकिन रास्ते में बेबी देवी ने दम तोड़ दिया।

जमीन विवाद में बड़े भाई पर हमला करवाने का आरोप
पीड़ित दिनेश यादव ने आरोप लगाया कि यह हमला उनके बड़े भाई वासुदेव यादव ने जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर करवाया है। उन्होंने बताया कि वासुदेव यादव, सुभाष यादव, मनोज यादव समेत कई लोगों को परिवार ने पहचान लिया है। परिजनों के अनुसार, वासुदेव यादव पिछले पांच दिनों से दादपुर गांव में रह रहा था और उसने अपने रिश्तेदारों तथा बदमाशों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही झाझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई दीपक कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।

जमुई में कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
शादी जैसे खुशहाल मौके पर हुई इस खूनी वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक महिला की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Written & Edit by : Chandan Patel.
ये जरूरी ख़बर भी पढ़े…देश में महाघोटालों की झड़ी! आखिर कब रुकेगा भ्रष्टाचार का यह सिलसिला?
ये खबर भी पढ़े…शादी की सालगिरह के 8 दिन बाद चौथी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
ये खबर भी पढ़े…गिद्धौर पैक्स अध्यक्ष पर मारपीट, मोबाइल छीनने और धमकी देने का आरोप, थाने पहुंचा मामला
ये खबर भी पढ़े…जमुई में फायरिंग: सदर अस्पताल गेट पर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर, पटना रेफर
