जमुई। जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में पैक्स अध्यक्ष और मुखिया पति पर मारपीट, मोबाइल छीनने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। बनझुलिया गांव निवासी एक व्यक्ति ने गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पैक्स अध्यक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए अपना पक्ष भी सामने रखा है।
क्या है पूरा मामला?
बनझुलिया गांव निवासी सुभाष कुमार वर्णवाल ने गिद्धौर थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि गिद्धौर के 3 नंबर रोड स्थित उनकी जमीन के बगल में जमीन खरीदने वाले पैक्स अध्यक्ष एवं पतसांडा पंचायत की मुखिया के पति राजीव कुमार साव उर्फ पिंकू साव ने सरकारी खाता संख्या 380 की जमीन पर कब्जा कर घेराबंदी कर दी।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो राजीव कुमार साव और उनके बेटे ने उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
सत्ता की हनक दिखाने का आरोप
आवेदन में सुभाष कुमार वर्णवाल ने आरोप लगाया है कि पैक्स अध्यक्ष और उनकी पत्नी के मुखिया होने का दबाव दिखाकर मनमानी की जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी सरकारी जमीन पर कब्जा करने और गरीबों की जमीन हड़पने का दबाव बनाया जा चुका है।
पैक्स अध्यक्ष ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
मामले में अपना पक्ष रखते हुए पैक्स अध्यक्ष राजीव कुमार साव उर्फ पिंकू साव ने कहा कि पैक्स गोदाम के पास सरकारी जमीन है, जबकि बगल में शिकायतकर्ता की भी जमीन है।
उन्होंने बताया कि सरकारी जमीन पर मजदूरों द्वारा कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान शिकायतकर्ता वीडियो बनाकर काम में व्यवधान उत्पन्न कर रहे थे। विरोध करने पर उनका मोबाइल जब्त कर गिद्धौर थाना को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि मारपीट और मोबाइल छीनने का लगाया गया आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल मामला गिद्धौर थाना पहुंच चुका है। पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया है और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। दोनों पक्षों ने अपने-अपने दावे किए हैं, ऐसे में पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी.

(नोट: यह खबर दोनों पक्षों के दावों पर आधारित है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।)
Written & Edit by : Chandan Patel.
Reported by: Bikki Kumar
ये खबर भी पढ़े…जमुई में फायरिंग: सदर अस्पताल गेट पर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर, पटना रेफर
ये खबर भी पढ़े…धोबघट-कोल्हुआ सड़क की बदहाली से बढ़ी ग्रामीणों की मुश्किलें
