जमुई: जिले में एक युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों का हत्या का आरोप, सड़क पर दो घंटे तक हंगामा और उसी युवक को देखने अस्पताल पहुंचे दूसरे युवक को बदमाशों द्वारा गोली मार देना। शनिवार को जमुई में एक ही घटनाक्रम से जुड़ी इन दो घटनाओं ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी। पुलिस अब दोनों मामलों को जोड़कर हर पहलू से जांच कर रही है। एफएसएल टीम भी मौके से जुटाए गए साक्ष्यों की जांच में लगी है।

संदिग्ध परिस्थितियों में हुई दीपक यादव की मौत

मृतक की पहचान बरहट थाना क्षेत्र के नुमर गांव निवासी दीपक कुमार यादव (पिता- गोरेलाल यादव) के रूप में हुई है। दीपक परिवार का इकलौता बेटा था। वह शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसकी अचानक मौत के बाद पूरे गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात दीपक घर पर खाना खाने के बाद सो गया था। इसी दौरान उसका दोस्त रॉकी कार लेकर घर पहुंचा और तिलक समारोह में चलने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद रॉकी ने फोन कर बताया कि दीपक सड़क हादसे में घायल हो गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो दीपक की मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

दीपक के चाचा मनीष यादव का कहना है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शनिवार सुबह मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग स्थित नुमर चौक को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलने पर बरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

दीपक को देखने अस्पताल पहुंचे युवक को मारी गोली

मामला यहीं नहीं रुका। दीपक की मौत की सूचना मिलने पर महिसौढ़ी निवासी सूरज कुमार देर रात सदर अस्पताल पहुंचे थे। रात करीब 2:45 बजे अस्पताल के बाहर बैठे सूरज पर दो बाइक से आए चार बदमाशों ने हमला कर दिया।

बदमाशों ने सूरज की बाईं जांघ में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घायल सूरज को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है।

सूरज ने तीन आरोपितों की पहचान करने का दावा किया है, हालांकि उसका कहना है कि उसका किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था।

मौत
घायल सूरज कुमार की फोटो

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि शुरुआती जांच में दीपक की मौत श्रद्धा हॉस्पिटल की चौथी मंजिल से गिरने के कारण प्रतीत हो रही है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को लगाया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जाएगी। वहीं गोलीबारी मामले में तीन लोगों को नामजद किया गया है। अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल सीडीआर और टावर लोकेशन की जांच की जा रही है।

एसडीपीओ ने यह भी बताया कि घायल सूरज का आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों के बीच किसी संभावित कड़ी की भी जांच कर रही है।

फिलहाल क्या है स्थिति?

दीपक की संदिग्ध मौत और अस्पताल के बाहर हुई फायरिंग ने जमुई में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Written & Edit by : Chandan Patel.

ये खबर भी पढ़े…गिद्धौर पैक्स अध्यक्ष पर मारपीट, मोबाइल छीनने और धमकी देने का आरोप, थाने पहुंचा मामला

ये खबर भी पढ़े…राम मंदिर जमीन खरीद मामले में नया मोड़: AAP सांसद संजय सिंह ने SIT को सौंपे 11 अहम दस्तावेज, जांच पर टिकी निगाहें

ये खबर भी पढ़े…जमुई में फायरिंग: सदर अस्पताल गेट पर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर, पटना रेफर

ये खबर भी पढ़े…धोबघट-कोल्हुआ सड़क की बदहाली से बढ़ी ग्रामीणों की मुश्किलें

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *