जमुई जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल ने बुधवार को गिद्धौर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों की समीक्षा, मालखाना, जब्त वाहनों की स्थिति, वाहन जांच अभियान और रात्रि गश्ती व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी विश्वजीत दयाल ने थानाध्यक्ष राशि मलिक एवं थाना के पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभिन्न आपराधिक कांडों से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही अनुसंधान कार्य में तेजी लाने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जब्त वाहनों की सूची मांगी, जल्द नीलामी कराने की तैयारी
एसपी ने थाना परिसर में लंबे समय से खड़े जब्त वाहनों की जानकारी लेते हुए उनकी सूची तलब की। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ऐसे वाहनों की जल्द नीलामी कराई जाए, ताकि थाना परिसर में अनावश्यक रूप से पड़े वाहनों का निष्पादन हो सके।
वाहन जांच और पेट्रोलिंग पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने मुख्य सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित वाहन जांच अभियान चलाने तथा रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बेहद जरूरी है।
मालखाना और थाना व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मालखाना की स्थिति, जब्त सामानों के रखरखाव, थाना में उपलब्ध संसाधनों और अभिलेखों की भी जांच की। थाना परिसर की साफ-सफाई एवं विधि-व्यवस्था को लेकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और इसे लगातार बनाए रखने का निर्देश दिया।
सामाजिक समरसता और अपराध नियंत्रण पर दिया जोर
एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि जिले में सामाजिक सौहार्द बनाए रखना और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान अवर निरीक्षक रंजीत राय, जय प्रकाश सिंह, मनीष कुमार, रंजीत सिंह, ममता प्रकाश, निशि कुमारी सहित थाना के कई पुलिसकर्मी एवं क्षेत्र के चौकीदार मौजूद रहे।
Written & Edit by : Chandan Patel.
Reported by: Bikki Kumar.
