गिद्धौर (जमुई): जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के मौरा गांव अल्पसंख्यक टोला में रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें एक ही पक्ष के चार लोग घायल हो गए । वही घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल जमुई रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
रास्ते को लेकर हुआ विवाद, मारपीट में चार लोग घायल
जानकारी के अनुसार, मौरा अल्पसंख्यक टोला में घर के पास के रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। पीड़िता सकीला खातून ने आरोप लगाया कि गांव के मोहम्मद इरफान, इबरान, फुरकान और मोहम्मद इबरार ने उनके परिवार के साथ मारपीट की।
इस घटना में अब्दुल अजीज अंसारी, सकीना खातून, सना खातून समेत कुल चार लोग घायल हो गए। परिजनों ने सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर पहुंचाया।

गंभीर घायल को सदर अस्पताल जमुई किया गया रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. अजिमा निशात ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान अब्दुल अजीज अंसारी की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया गया है। वही अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।
पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और गिद्धौर थाना की टीम सक्रिय हुई। मामले की जानकारी मिलने के बाद थानाध्यक्ष राशि मालिक ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मौरा इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
रास्ते को लेकर हुई इस हिंसक घटना के बाद गांव में लोगों के बीच दहशत और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Written & Edit by : Chandan Patel.
Reported by:Bikki Kumar .
