जमुई: बिहार के जमुई जिले में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बटिया थाना क्षेत्र के कटहराटांड जंगल में एक 28 वर्षीय युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। मृतक की पहचान कटावत गांव निवासी विष्णु कुमार के रूप में हुई है। वह दो दिन पहले लकड़ी लाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों और ग्रामीणों की लगातार तलाश के बाद सोमवार सुबह उसका शव मिलने से पूरे इलाके में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है।

शनिवार से लापता था युवक

जानकारी के अनुसार, कटावत गांव निवासी विष्णु कुमार शनिवार को अपनी साइकिल और मोबाइल लेकर जंगल में लकड़ी लाने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। पहले आसपास तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

रविवार को भी ग्रामीणों और परिजनों ने जंगल तथा अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।

जंगल
फाइल फोटो: मृतक विष्णु कुमार

40 ग्रामीणों की तलाश के दौरान मिला शव

सोमवार सुबह करीब 40 ग्रामीण युवक एक बार फिर कटहराटांड जंगल में विष्णु कुमार की तलाश के लिए पहुंचे। इसी दौरान घने जंगल के बीच एक पेड़ से उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना तुरंत बटिया थाना पुलिस को दी गई।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही बटिया थाना की थानाध्यक्ष सुजाता कुमारी और एएसआई दिलीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम को बुलाया।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच पूरी होने के बाद शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेजा गया।

22 दिन पहले ही बेटी का हुआ था जन्म

मृतक की पत्नी आरती कुमारी ने बताया कि उनके पति शनिवार को जंगल में लकड़ी लाने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। उन्होंने बताया कि 22 दिन पहले ही उनके घर एक बेटी का जन्म हुआ था। परिवार में पहले से एक बेटा और एक बेटी भी हैं।

आरती कुमारी ने कहा कि उनके पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और न ही किसी प्रकार के विवाद की जानकारी है।

डीएसपी बोले- सभी पहलुओं की हो रही जांच

झाझा डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

जंगल
एफएसएल और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

Written & Edit by : Chandan Patel.

ये खबर भी पढ़े…जमुई के गिद्धौर थाना क्षेत्र के तारडीह गांव में भूमि विवाद ने लिया हिंसक रूप, दबंग पड़ोसियों ने दंपती को बेरहमी से पीटा, गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर

ये खबर भी पढ़े….Jamui Road Accident: खैरा में दर्दनाक सड़क हादसा, बिजली के पोल से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 17 वर्षीय किशोर की मौत, दो गंभीर घायल

ये खबर भी पढ़े….जमुई सड़क हादसा: मामा की शादी में आया 16 वर्षीय किशोर बना काल का शिकार, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

ये खबर भी पढ़े….जमुई में यात्रियों से भरा टैंपो पलटा, महिला और बच्चों समेत आधा दर्जन घायल; चालक की झपकी या तकनीकी खराबी? जांच में जुटी पुलिस

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *