जमुई: शहर को अतिक्रमण, जाम और जलजमाव जैसी गंभीर समस्याओं से मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी नवीन और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने अधिकारियों की टीम के साथ शहर और राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) का व्यापक निरीक्षण किया।
शहर के प्रमुख इलाकों का किया गया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने महिसौड़ी, बोधवन तालाब, चकाई चौक सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा किया। अधिकारियों ने अतिक्रमण, यातायात बाधा और जलजमाव की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एनएच किनारे अतिक्रमण हटाने की तैयारी तेज
जिला पदाधिकारी नवीन ने बताया कि पटना हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हर हाल में हटाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर बुल्डोजर का भी इस्तेमाल किया जाएगा ताकि सड़क और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके।
चकाई चौक में जलजमाव पर अधिकारियों को निर्देश
निरीक्षण के दौरान चकाई चौक में जलजमाव की गंभीर समस्या सामने आई। डीएम ने संबंधित विभाग के अभियंताओं को जलनिकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में लोगों को परेशानी से बचाने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

श्रावणी मेला से पहले चलेगा विशेष अभियान
डीएम ने कहा कि आगामी श्रावणी मेला को देखते हुए प्रशासन अतिक्रमण हटाने और जलजमाव की समस्या समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। इससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
हाई कोर्ट के निर्देशों का होगा पूरी तरह पालन
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हाई कोर्ट के सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना, यातायात व्यवस्था को बेहतर करना और लोगों को जाम व जलजमाव जैसी समस्याओं से स्थायी राहत दिलाना है।
सिकंदरा बाजार की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे पर बड़ा फैसला, 24 जमाबंदियां रद्द, ये खबर भी पढ़े…
कई प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एसडीओ सौरव कुमार, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका गुप्ता, एसडीपीओ सतीश सुमन, थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Edited and Written by : Chandan Patel.
