देश में लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा NEET UG 2026 पेपर लीक केवल एक परीक्षा घोटाला नहीं रहा, बल्कि इसने पूरे परीक्षा तंत्र की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। सड़कों पर उतरे छात्र, लगातार विरोध प्रदर्शन, विपक्ष के हमले, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और दोबारा परीक्षा कराने की नौबत ने केंद्र सरकार को ऐसे मोड़ पर ला खड़ा किया, जहां केवल आश्वासन देना पर्याप्त नहीं था।
सरकार ने 2024 में बड़े दावों के साथ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम लागू किया था। दावा था कि अब पेपर लीक पर पूरी तरह लगाम लगेगी। लेकिन सिर्फ दो साल के भीतर ही देश ने एक और बड़ा पेपर लीक देखा और सरकार को उसी कानून में संशोधन लाना पड़ा। यही वजह है कि अब विपक्ष सरकार को घेर रहा है और सवाल पूछ रहा है कि जब पुराना कानून इतना प्रभावी था, तो उसे इतनी जल्दी बदलने की जरूरत क्यों पड़ गई?
इसी राजनीतिक और सामाजिक दबाव के बीच केंद्र सरकार ने पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 लोकसभा में पेश किया है। सरकार का दावा है कि अब परीक्षा माफिया, पेपर लीक सिंडिकेट और धांधली करने वालों पर पहले से कहीं अधिक कठोर कार्रवाई होगी।
सरकार को दो साल में कानून बदलने की जरूरत क्यों पड़ी?
2024 का कानून लागू होने के बाद भी कई बड़ी परीक्षाओं को लेकर विवाद सामने आए। यूजीसी-नेट परीक्षा रद्द करनी पड़ी, सीएसआईआर-यूजीसी नेट स्थगित करनी पड़ी और सबसे बड़ा झटका तब लगा जब NEET UG 2026 पेपर लीक के आरोपों के बाद दोबारा परीक्षा कराने का फैसला करना पड़ा।
इन घटनाओं ने यह संकेत दिया कि केवल सजा का प्रावधान पर्याप्त नहीं है। जांच की गति, ट्रायल की प्रक्रिया, परीक्षा एजेंसियों की जवाबदेही और संगठित परीक्षा माफिया पर शिकंजा कसने के लिए कानून को और मजबूत बनाने की जरूरत महसूस हुई।
क्या है नया संशोधन विधेयक 2026?
केंद्र सरकार ने पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 लोकसभा में पेश कर दिया है।
इसका उद्देश्य है :
- पेपर लीक रोकना
- फर्जी परीक्षा और इम्पर्सनेशन पर रोक
- संगठित परीक्षा माफिया पर कड़ी कार्रवाई
- जांच और ट्रायल को तेज बनाना
- दोषियों को कम समय में सजा दिलाना
किन परीक्षाओं पर लागू होगा नया कानून?
यह कानून केंद्र सरकार द्वारा आयोजित सभी प्रमुख सार्वजनिक परीक्षाओं पर लागू होगा।
- UPSC
- SSC
- RRB
- IBPS
- NTA (NEET, JEE, CUET आदि)
- केंद्र सरकार के मंत्रालयों की भर्ती परीक्षाएं
- केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित अन्य सार्वजनिक परीक्षाएं
नए संशोधन में क्या-क्या बदलेगा?
1. पेपर लीक करने वालों पर अब और सख्त सजा
यदि कोई प्रश्नपत्र या उत्तर कुंजी लीक करता है या परीक्षा में धांधली करता है :
- न्यूनतम 5 वर्ष की जेल
- अधिकतम 10 वर्ष की जेल
- 50 लाख रुपये तक जुर्माना
2. परीक्षा माफिया पर सबसे बड़ा प्रहार
यदि कोई संगठित गिरोह या सिंडिकेट धांधली में शामिल पाया जाता है :
- 7 से 10 वर्ष तक की जेल
- 10 करोड़ रुपये तक जुर्माना
3. परीक्षा कराने वाली एजेंसियां भी नहीं बचेंगी
यदि कोई सर्विस प्रोवाइडर दोषी पाया जाता है :
- 5 करोड़ रुपये तक जुर्माना
- 8 वर्ष तक सार्वजनिक परीक्षाओं से प्रतिबंध
4. कंपनी के मालिक और अधिकारी भी होंगे जिम्मेदार
यदि डायरेक्टर, मैनेजर या वरिष्ठ अधिकारी की भूमिका सामने आती है :
- 5 से 10 वर्ष तक जेल
- 5 करोड़ रुपये तक जुर्माना
5. अब STF करेगी जांच
सरकार जरूरत पड़ने पर मामलों की जांच स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को सौंप सकेगी।
दो महीने में जांच पूरी करने का लक्ष्य
6. फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई
- रोजाना सुनवाई
- चार्जशीट के तीन महीने के भीतर ट्रायल पूरा करने का लक्ष्य
- विशेष लोक अभियोजक नियुक्त होंगे
- 30 दिन में हाईकोर्ट में अपील
- तीन महीने में अपील निपटाने का प्रयास
2024 के कानून में क्या था?
सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 को 21 जून 2024 से लागू किया गया था।
इसका उद्देश्य था :
- पेपर लीक रोकना
- फर्जी परीक्षाओं पर रोक
- नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई
- परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता
2024 कानून में क्या सजा थी?
- पेपर लीक
- 3 से 5 वर्ष जेल
- 10 लाख रुपये तक जुर्माना
परीक्षा एजेंसी
- 1 करोड़ रुपये तक जुर्माना
- 4 वर्ष तक डिबार
- एजेंसी के अधिकारी
- 3 से 10 वर्ष जेल
- 1 करोड़ रुपये तक जुर्माना
संगठित गिरोह
- 5 से 10 वर्ष जेल
- कम से कम 1 करोड़ रुपये जुर्माना
पुराने और नए कानून में क्या बड़ा अंतर है?
विषय
2024 कानून
2026 संशोधन
पेपर लीक
3-5 वर्ष जेल
5-10 वर्ष जेल
जुर्माना
₹10 लाख
₹50 लाख
परीक्षा माफिया
₹1 करोड़
₹10 करोड़
एजेंसी पर कार्रवाई
₹1 करोड़, 4 साल डिबार
₹5 करोड़, 8 साल डिबार
जांच
सामान्य एजेंसी
STF भी जांच करेगी
ट्रायल
सामान्य प्रक्रिया
फास्ट ट्रैक कोर्ट
क्या 2024 का कानून प्रभावी साबित हुआ?
सरकार का उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था को सुरक्षित बनाना था, लेकिन इसके बावजूद कई बड़े विवाद सामने आए।
- यूजीसी-नेट 2024 रद्द
- सीएसआईआर-यूजीसी नेट स्थगित
- NEET UG 2026 दोबारा आयोजित
इन घटनाओं ने यह बहस तेज कर दी कि केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसका प्रभावी क्रियान्वयन भी उतना ही जरूरी है।
सरकार ने खुद क्या माना था?
सरकार ने संसद में स्वीकार किया था कि देशभर में होने वाले पेपर लीक का कोई केंद्रीकृत डेटा शिक्षा मंत्रालय के पास उपलब्ध नहीं है क्योंकि अलग-अलग संस्थाएं परीक्षाएं आयोजित करती हैं।
यही वजह है कि वास्तविक स्थिति का राष्ट्रीय स्तर पर समेकित आकलन करना चुनौतीपूर्ण रहा।
राहुल गांधी का सरकार पर हमला
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में 152 बार प्रश्नपत्र लीक हुए।
उनका आरोप था कि हर बार लाखों छात्रों को दोबारा तैयारी करनी पड़ती है और करोड़ों परिवार मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दबाव झेलते हैं। उन्होंने सरकार पर छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया।

क्या नया कानून समस्या का समाधान कर पाएगा?
कानून को पहले से कहीं अधिक कठोर बनाया गया है। सजा बढ़ाई गई है, जुर्माना कई गुना बढ़ाया गया है, जांच तेज करने और फास्ट ट्रैक कोर्ट का प्रावधान जोड़ा गया है।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है कि क्या इससे पेपर लीक पूरी तरह रुक जाएगा?
विशेषज्ञों का मानना है कि केवल सख्त कानून काफी नहींहोंगे।डिजिटल सुरक्षा, परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता, एजेंसियों की जवाबदेही, तकनीकी निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई भी उतनी ही आवश्यक है। यदि इन सभी पहलुओं पर समान रूप से काम हुआ, तभी परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का भरोसा पूरी तरह लौट सकेगा।
देश की परीक्षा व्यवस्था को केवल सख्त कानून नहीं, परीक्षा माफिया पर शिकंजा कसा जा सके
NEET UG 2026 पेपर लीक ने यह साफ कर दिया है कि देश की परीक्षा व्यवस्था को केवल सख्त कानून नहीं, बल्कि मजबूत और जवाबदेह क्रियान्वयन की भी जरूरत है। 2026 का संशोधन विधेयक सरकार की उस कोशिश का हिस्सा है, जिससे परीक्षा माफिया पर शिकंजा और कसा जा सके। हालांकि इसकी वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि नए प्रावधान जमीन पर कितनी प्रभावी तरह लागू किए जाते हैं।
Written & Edit by : Chandan Patel.

