गिद्धौर में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। गुप्त सूचना और नियमित गश्ती के दौरान हुई इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में खनन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और दोषियों पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया जारी है।
गुप्त सूचना और गश्ती के दौरान हुई कार्रवाई
गिद्धौर थाना पुलिस को गश्ती के दौरान सूचना मिली कि कुंधुर रेलवे फाटक स्थित चिमनी भट्टा के पास बिना वैध कागजात के अवैध बालू का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले आई।

रामकुराव गांव में भी गिद्धौर पुलिस का छापा
इसी दिन दूसरी कार्रवाई रामकुराव गांव में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर ट्रेलर सहित एक ट्रैक्टर को जब्त किया। जांच के दौरान ट्रैक्टर में अवैध रूप से बालू लदा पाया गया। इसके बाद वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
खनन अधिनियम के तहत दर्ज होगी कार्रवाई
गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मालिक ने बताया कि दोनों मामलों में वाहन चालक एवं मालिक के खिलाफ खनन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध बालू खनन और परिवहन से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
पुलिस की लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Written & Edit by : Chandan Patel.
Reported by: Bikki Kumar.
ये खबर भी पढ़े…गिद्धौर के सेवा गांव में जमीन विवाद में महिला घायल, मारपीट के बाद अस्पताल में भर्ती
