गिद्धौर, जमुई: बिहार के जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के सेवा गांव से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने आरोप लगाया है कि शराब के नशे में घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की गई, लेकिन घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस जांच के लिए मौके पर नहीं पहुंची। पीड़िता का यह भी आरोप है कि शिकायत वापस नहीं लेने पर आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। ऐसे में पीड़ित परिवार भय और असुरक्षा के इस माहौल में जीने को मजबूर है।

शराब के नशे में घर में घुसकर मारपीट का आरोप

पीड़ित महिला उर्मिला देवी ने गिद्धौर थाना में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी चतरगुण रजक और उनके पुत्र बंटी रजक शराब के नशे में उनके घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद उन्होंने तुरंत गिद्धौर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।

दो दिन के बाद भी मौके पर नहीं पहुंची पुलिस

उर्मिला देवी का कहना है कि शिकायत देने के बाद भी घटना को दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस जांच के लिए उनके घर नहीं पहुंची है। पीड़िता के अनुसार, पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से आरोपियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।

आवेदन वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी

पीड़िता ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद से आरोपी लगातार उन्हें धमका रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपियों ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि थाना में दिया गया आवेदन वापस नहीं लिया गया तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इस धमकी के बाद पूरा परिवार भयभीत है।

न्याय के लिए थाने का लगा रही बार-बार चक्कर

उर्मिला देवी का कहना है कि वह लगातार दो दिनों से न्याय की उम्मीद में गिद्धौर थाना का चक्कर लगा रही हैं। उनका आरोप है कि पुलिस मामले में उदासीन बनी हुई है और अब तक न तो प्राथमिकी दर्ज की गई है और न ही किसी आरोपी से पूछताछ की गई है।

गिद्धौर
गिद्धौर थाना में न्याय की गुहार लगाने पहुंची पीड़ित महिला उर्मिला देवी।

 

पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि की

इस मामले में पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की बात स्वीकार की है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने आई थी।

गिद्धौर
पुलिस को दिया लिखित आवेदन

 

पीड़ित परिवार ने की जिला प्रशासन और पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

(नोट: यह समाचार पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। पुलिस जांच एवं कानूनी प्रक्रिया के बाद तथ्य बदल सकते हैं।)

Written & Edit by : Chandan Patel.

Reported by: Bikki Kumar.

ये खबर भी पढ़े…गिद्धौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कुंधुर और रामकुराव से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त, खनन माफियाओं में हड़कंप

आज की बड़ी ख़बर…जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हटाया गया, 20 दिन के अनशन के बाद बिगड़ी तबीयत; दिल्ली पुलिस ज़बरन अस्पताल ले गई

ये जरूरत की खबर…राहुल गांधी का बड़ा छात्र अभियान: देहरादून में पेपर लीक के खिलाफ हुंकार, बोले- “छात्रों का भविष्य नीलाम नहीं होने देंगे”

ये खबर भी पढ़े…गिद्धौर के सेवा गांव में जमीन विवाद में महिला घायल, मारपीट के बाद अस्पताल में भर्ती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *