जमुई | AVN News | जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। लोहंडा गांव में एक ही रात दो घरों को निशाना बनाते हुए चोर करोड़ों की संपत्ति लेकर फरार हो गए। सबसे बड़ी चोरी महेश्वर प्रसाद सिंह के घर में हुई, जहां शादी के लिए रखे गए सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए जेवरों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई है।
खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर, महिलाओं के जेवरात पर किया हाथ साफ
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात पूरा परिवार खाना खाने के बाद सो गया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और उस कमरे को निशाना बनाया, जहां महिलाओं के कीमती जेवरात रखे थे। चोर बक्सा समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
रविवार सुबह परिवार को चोरी की जानकारी मिली तो आसपास खोजबीन शुरू की गई। घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में चोरी किया गया बक्सा और कुछ कपड़े पड़े मिले। आशंका है कि चोर कीमती सामान निकालकर बाकी सामान वहीं छोड़कर फरार हो गए।

सुबह अंदर से बंद मिला कमरा, तब हुआ चोरी का खुलासा
पीड़िता किरण कुमारी ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे पूरा परिवार सो गया था। सुबह जब कमरे का दरवाजा खोलने पहुंचे तो वह अंदर से बंद मिला। इसी बीच ग्रामीणों ने घर से कुछ दूरी पर कपड़े और बक्सा पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद चोरी की घटना का पता चला।
उन्होंने बताया कि उनके जेठ राकेश कुमार सिंह अपनी पत्नी के साथ पटना गए हुए थे। चोरी उन्हीं के कमरे में हुई है। उनकी जेठानी सरकारी शिक्षिका हैं और परिवार के सभी कीमती जेवर उसी कमरे में सुरक्षित रखे गए थे।

बेटी की शादी के जेवर भी ले उड़े चोर
राकेश कुमार सिंह ने फोन पर बताया कि 27 अप्रैल को उनकी बेटी की शादी हुई थी, जिसके सभी जेवर घर में ही रखे हुए थे।
उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी, मां और दो सालियों के जेवर भी घर में सुरक्षित रखे गए थे। एक साली के यहां किसी घटना के कारण उसके जेवर भी एहतियातन यहां रख दिए गए थे।
राकेश सिंह के अनुसार चोर करीब 620 ग्राम सोने के जेवर, जिसमें 100 ग्राम का सोने का बिस्किट भी शामिल है, अपने साथ ले गए। इसके अलावा 2 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण, जिनमें पायल, लोटा, कटोरा समेत अन्य कीमती सामान शामिल हैं, चोरी कर लिए गए।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह पटना से घर के लिए रवाना हो चुके हैं और पहुंचने के बाद पुलिस को लिखित आवेदन देंगे।

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया। घर के आसपास से कई अहम साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
दूसरे बंद पड़े मकान को भी बनाया निशाना
इसी रात चोरों ने गांव के अजय सिंह के बंद पड़े मकान में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि उनका परिवार करीब 15 दिनों से घर से बाहर था।
चोर यहां से 50 हजार रुपये नकद और 50 चांदी के सिक्के लेकर फरार हो गए। परिवार के लौटने के बाद ही कुल नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
पुलिस बोली- जल्द होगी अपराधियों की गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
गांव में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
एक ही रात में दो घरों में हुई बड़ी चोरी की घटना ने ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस को रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करनी चाहिए।
Written & Edit by : Chandan Patel.
ये खबर भी पढ़े…गिद्धौर के सेवा गांव में जमीन विवाद में महिला घायल, मारपीट के बाद अस्पताल में भर्ती
