Jamui News: जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शादी के महज एक साल के भीतर 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिस घर से नई जिंदगी की शुरुआत हुई थी, वहीं से उसकी अर्थी उठी। घटना के बाद पति फरार है, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस, एफएसएल टीम और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
झाझा के अलकजरा गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत
मामला झाझा थाना क्षेत्र की हथिया पंचायत स्थित अलकजरा गांव का है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय पवली देवी, पति अमित कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही झाझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला शव
थानाध्यक्ष मिंटु कुमार सिंह के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो शव नीचे रखा हुआ था। मृतका के बुजुर्ग ससुर सहदेव यादव ने बताया कि उन्होंने पवली देवी का शव घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटका देखा था। नीचे उतारने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतका के मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र से अलकजरा पहुंचे। मृतका की मां मीणा देवी ने दामाद अमित कुमार पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया।
उन्होंने बताया कि वैशाख महीने में पिछले वर्ष दोनों की शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति का व्यवहार ठीक नहीं था और वह अक्सर बेटी के साथ मारपीट करता था।

मौत से पहले बहन को किया था फोन
मृतका की मां का दावा है कि रविवार शाम पवली देवी ने अपनी बहन को फोन कर पति द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित कुमार न तो बेटी का खर्च उठाता था और न ही उसके साथ अच्छा व्यवहार करता था।
परिजनों के मुताबिक, चार दिन पहले ही अमित कुमार पवली देवी को मायके से अपने घर लेकर आया था।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए कई अहम साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
पति फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से मृतका का पति अमित कुमार फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष मिंटु कुमार सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने कहा है कि फिलहाल सभी पहलुओं पर निष्पक्ष जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Written & Edit by : Chandan Patel.
ये जरूरी ख़बर भी पढ़े…देश में महाघोटालों की झड़ी! आखिर कब रुकेगा भ्रष्टाचार का यह सिलसिला?
