गिद्धौर। गिद्धौर-मौरा बाईपास सड़क पर रविवार को बंधौरा मोड़ के समीप दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों बाइक पर सवार कुल पांच लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
डायल 112 और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया गया।
पांच घायलों की हुई पहचान
घायलों की पहचान पिंकी देवी, संतोष साह, सुप्रिया कुमारी, इस्तियाक अंसारी और मोहम्मद सोहराभ के रूप में हुई है। सभी घायल बसमता गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
विपरीत दिशा से आ रही बाइक से हुई टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक गिद्धौर से मौरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान बंधौरा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक पर सवार लोग सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और घटना की सूचना पुलिस एवं एंबुलेंस को दी।
गिद्धौर पुलिस ने बाइक जब्त कर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही गिद्धौर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
Written & Edit by : Chandan Patel
Report By: Vikki Kumar

आज़ादी के 80 साल: क्या हम सही मायने में आज़ाद हैं?..
ये भी पढ़ें…झाझा CHC में देर रात मंत्री का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्था का लिया जायजा
ये भी पढ़ें…गिद्धौर पुलिस को देख भागी शराब लदी कार चाय दुकान में घुसी, 198 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त
