जमुई (झाझा): बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र से देश की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की हल्दिया-बरौनी भूमिगत क्रूड ऑयल पाइपलाइन को निशाना बनाते हुए शातिर चोरों ने जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर पाइपलाइन में अवैध वाल्व लगा दिया और क्रूड ऑयल की चोरी कर फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब पाइपलाइन में अचानक प्रेशर कम होने का अलर्ट मिला। इसके बाद कंपनी और पुलिस की संयुक्त जांच में तेल चोरी की पुष्टि हुई। इस घटना ने पाइपलाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाराजोर गांव के पास पाइपलाइन को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, झाझा थाना क्षेत्र के बाराजोर गांव के समीप प्वाइंट संख्या 409.5 पर चोरों ने पहले जमीन में बड़ा गड्ढा खोदा। इसके बाद भूमिगत क्रूड ऑयल पाइपलाइन तक पहुंचकर उसमें अवैध रूप से वाल्व लगाया और बड़ी मात्रा में तेल निकाल लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

प्रेशर कम होने पर खुला तेल चोरी का राज
आईओसीएल के कंट्रोल सिस्टम में पाइपलाइन का दबाव अचानक कम होने का संकेत मिला। इसके बाद कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे तो पाया कि पाइपलाइन से छेड़छाड़ कर तेल चोरी की गई है। मामले की सूचना तत्काल झाझा थाना पुलिस को दी गई।
थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
दो रात की प्लानिंग के बाद वारदात की आशंका
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि चोरों ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात इस सुनियोजित वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पाइपलाइन के प्रेशर में गिरावट के बाद कंपनी को संदेह हुआ और मंगलवार को चोरी का खुलासा हो सका।
16 सदस्यीय मेंटेनेंस टीम मरम्मत में जुटी
घटना के बाद आईओसीएल की 16 सदस्यीय तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत शुरू कर दी।
मेंटेनेंस कर्मी मो. कलीम ने बताया कि चोरों ने पाइपलाइन में अवैध वाल्व लगाकर क्रूड ऑयल निकाला है। फिलहाल पाइपलाइन पर अस्थायी कवर लगाकर उसे सुरक्षित किया जा रहा है। मरम्मत पूरी होने के बाद तेल आपूर्ति दोबारा से शुरू की जाएगी।

चार पहिया वाहन के टायरों के निशान मिले
जांच के दौरान घटनास्थल से चार पहिया वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरी किए गए क्रूड ऑयल को वाहन के जरिए दूसरी जगह पहुंचाया गया।
पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।
आईओसीएल अभियंता देंगे प्राथमिकी
आईओसीएल के अभियंता अतुल्य शिवम द्वारा झाझा थाना में मामले को लेकर आवेदन देने की प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही। आवेदन मिलने के बाद पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
यह घटना सिर्फ तेल चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की महत्वपूर्ण ऊर्जा अवसंरचना की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करती है। भूमिगत पाइपलाइन तक पहुंचकर उसमें अवैध वाल्व लगाना दर्शाता है कि अपराधियों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में किसी संगठित गिरोह की भूमिका तो नहीं है।
Written & Edit by : Chandan Patel.
