जमुई जिले में शुक्रवार दोपहर एक बड़ी अगलगी की घटना सामने आई, जहां देखते ही देखते तीन कारें आग की लपटों में घिरकर पूरी तरह जल गईं। इस घटना को देखकर आसपास के लोग दंग रह गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जमुई मुख्य मार्ग पर शिवम कॉलोनी में हुआ हादसा

यह घटना जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग स्थित मणिद्वीप स्कूल के पास शिवम कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर करीब 3:00 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में खड़ी तीन कारों में अचानक आग लग गई।

जमुई
देखते ही देखते विकराल हुई आग

देखते ही देखते विकराल हुई आग

कड़ी धूप और भीषण गर्मी के बीच आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग तीनों कारों को अपनी चपेट में ले चुकी थी। जलती कारों से उठती तेज लपटें और धुआं दूर से ही देखा जा सकता था।

लोगों में मची भगदड़

अचानक लगी आग के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों ने किया आग बुझाने का प्रयास

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि किसी की एक न चली।

दमकल की टीम ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों कारों का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

जमुई
दमकल कर्मी आग बुझाते हुए

वीडियो हुआ वायरल

घटना के दौरान जलती कारों का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आग की भयावहता साफ देखी जा सकती है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक भीषण गर्मी और कड़ी धूप के कारण सीएनजी वाहन में आग लगने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

सतर्क रहने की अपील

इस घटना के बाद विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में वाहनों को खुले धूप में लंबे समय तक खड़ा करने से बचें और नियमित रूप से वाहन की जांच कराते रहें।

Report By:  Vikki Kumar
Edited  by: Chandan Patel

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *