जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत झुंडो गांव में शुक्रवार देर शाम भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में कुल सात लोग घायल हो गए, जिनमें एक पक्ष के पांच और दूसरे पक्ष के दो लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि विवाद 98 डिसमिल जमीन के बंटवारे को लेकर हुआ।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों को अस्पताल भेजा गया

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।

जमीन
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों को अस्पताल भेजते हुए

तीन का सदर अस्पताल में इलाज जारी, दो का खैरा स्वास्थ्य केंद्र में उपचार

घायलों में एक पक्ष से उमेश मंडल, मनोज कुमार, गोविंद कुमार, रामदेव मंडल और महेश मंडल शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से चुना मंडल और प्रकाश मंडल घायल हुए हैं।
फिलहाल तीन घायलों का इलाज सदर
अस्पताल में चल रहा है, जबकि दो अन्य का उपचार खैरा स्वास्थ्य केंद्र में ही किया जा रहा है।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। एक पक्ष के उमेश मंडल का कहना है कि जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका था, लेकिन दूसरे पक्ष द्वारा दोबारा बंटवारे की मांग को लेकर विवाद शुरू हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि जबरन कब्जे की कोशिश के दौरान मारपीट की गई।

“तय हिस्से से अधिक जमीन पर कब्जा” का है आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष की बेबी देवी ने आरोप लगाया कि विपक्षी लोग तय हिस्से से अधिक जमीन पर कब्जा किए हुए हैं। उन्होंने बताया कि जमीन की मापी हो चुकी है, बावजूद इसके जमीन लौटाने से इनकार किया जा रहा था, जिससे विवाद बढ़ गया।

पुलिस जांच में जुटी, आगे की कार्रवाई जारी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *