चकाई में 11 हजार वोल्ट लाइन पर झुका पेड़ बना खतरा: जमुई जिले के चकाई प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय के ठीक सामने 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन पर एक विशाल लिप्टस का पेड़ खतरनाक तरीके से झुक गया है। पेड़ सीधे बिजली के चालू तारों पर टिका हुआ है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवा या आंधी आने पर पेड़ की टहनियां बिजली तारों को दबाने लगती हैं। इससे शॉर्ट सर्किट, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जान-माल के नुकसान का खतरा लगातार बना हुआ है।
प्रशासनिक कार्यालयों के बीच मंडरा रहा खतरा
यह इलाका चकाई का बेहद व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। यहां प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय और निबंधन कार्यालय स्थित हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है।
सड़क के दूसरी ओर कई होटल, दुकानें और छोटे व्यवसायिक प्रतिष्ठान मौजूद हैं। सुबह से शाम तक यहां लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे में हाईटेंशन लाइन पर झुका पेड़ लोगों की चिंता बढ़ा रहा है।

चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर रोज गुजरते हैं हजारों वाहन
चकाई-देवघर मुख्य मार्ग होने के कारण इस सड़क से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आंधी-पानी के दौरान पेड़ टूटकर सड़क या बिजली तार पर गिर गया, तो बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समय रहते पेड़ की कटाई नहीं हुई तो गंभीर दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
खतरे को देखते हुए स्थानीय ग्रामीण प्रमोद कुमार, अनिल साह, निरंजन केशरी, बिहारी केशरी और मोनू साह ने अंचल अधिकारी एवं विद्युत विभाग के कनीय अभियंता से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी क्षेत्र में पेड़ों के बिजली तारों में फंसने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभाग समय पर कार्रवाई नहीं करता है।
विद्युत विभाग ने क्या कहा
इस संबंध में विद्युत विभाग के कनीय अभियंता कृष्णकांत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि वन विभाग से समन्वय स्थापित कर जल्द ही खतरनाक तरीके से झुकी पेड़ की टहनियों की कटाई कराई जाएगी, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को होने से रोका जा सके।
हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही लगातार देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार से बिचकोड़वा बाजार में भी एक पेड़ हवा के कारण बिजली तार में फंसा हुआ था, लेकिन सूचना देने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों में दहशत, जल्द समाधान की मांग
हाईटेंशन लाइन पर झुका विशाल पेड़ अब लोगों के लिए डर का कारण बन गया है। दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले तत्काल पेड़ की कटाई कर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
परीक्षा पर चर्चा करने वाले लोग पेपर लीक पर क्यों नहीं बोलते?, लिंक पर क्लिक करें और पढ़े ख़बर
Report By: Bikki Kumar.
Edited and Written by : Chandan Patel.
