नई दिल्ली: दिल्ली में तिरंगा रैली से पहले पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और AISA अध्यक्ष नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दीपके कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आयोजित तिरंगा रैली में शामिल होने जा रहे थे। खास बात यह है कि छह दिनों के भीतर दीपके को दूसरी बार हिरासत में लिया गया है। इससे पहले 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले उन्हें विमान से हिरासत में लिया गया था, हालांकि अगले दिन छोड़ दिया गया था।
दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रदर्शन को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब तक 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है. SFI, DYFI, AISF और AIYF के कार्यकर्ताओं ने तिरंगा मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान CPI सांसद पी. संतोष कुमार ने कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होगा. उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि पुलिस की कार्रवाई से आंदोलन नहीं रुकेगा.
वहीं, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर बयान जारी किया था. एसोसिएशन ने सवाल उठाया कि विरोध प्रदर्शन के लिए कनॉट प्लेस को ही क्यों चुना गया, जबकि यह एक प्रमुख कारोबारी और बाजार क्षेत्र है. NDTA ने कहा कि लोगों को विरोध करने का अधिकार है, लेकिन कारोबारियों को भी अपनी आजीविका कमाने का अधिकार है. एसोसिएशन ने प्रदर्शनकारियों से तय प्रदर्शन स्थलों पर जाने की अपील की. साथ ही कहा कि त्योहारों के मौसम में बाजार में रुकावट से आम लोगों को परेशानी होती है. इससे कारोबार के साथ सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचता है.
बता दें, CJP तिरंगा लहराकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जताना चाहती है. यह विरोध मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर है.
दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास लागू निषेधाज्ञा का हवाला देकर लोगों से मार्च से दूर रहने को कहा है. पुलिस के मुताबिक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत पाबंदियां लागू हैं. NDMC ने भी प्रशासनिक कारणों से 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क बंद रखने की जानकारी दी है.
7:24 PM
अब तक 150 प्रदर्शनकारी हिरासत में
दिल्ली के कनॉट प्लेस में तिरंगा मार्च को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है. सुत्रों के मुताबिक, अब तक 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है. तिरंगा मार्च से पहले अभिजीत दिपके को हिरासत में लिया गया था, वहीं मंडी हाउस से नेहा बोरा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया. इस बीच SFI, DYFI, AISF और AIYF के कार्यकर्ताओं ने तिरंगा मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया.
6:28 PM
कनॉट प्लेस में प्रदर्शनकारियों को हटा रही दिल्ली पुलिस
दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है. मौके पर पहुंचे DCP ने प्रदर्शनकारियों से वहां से जाने को कहा. इस दौरान इलाके में हलचल बढ़ गई.
6:15 PM
दिपके की हिरासत पर ममता बनर्जी का हमला- क्या कर रही है दिल्ली पुलिस?
तिरंगा मार्च से पहले अभिजीत दिपके को हिरासत में लिए जाने पर ममता बनर्जी ने दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने इसे अघोषित इमरजेंसी बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की बात रखने वाले युवाओं को हिरासत में लिया जा रहा है. ममता ने दिपके, आशुतोष और सौरव के समर्थन में कहा कि डराने और हिरासत में लेने से युवाओं की आवाज दबाई नहीं जा सकती.

5:50 PM
‘एकरंगा’ बनाम ‘तिरंगा’ की लड़ाई: अखिलेश यादव
तिरंगा मार्च को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसा है. उन्होंने कहा, “आज ‘एकरंगा’ बनाम ‘तिरंगा’ का दिन है!”

5:39 PM
मंडी हाउस से AISA नेता नेहा बोरा डिटेन
दिल्ली में तिरंगा मार्च को लेकर हलचल जारी है. मंडी हाउस से AISA नेता नेहा बोरा को पुलिस ने डिटेन कर लिया है. वहीं, अभिजीत दिपके को भी हिरासत में लिया गया है.
5:26 PM
दिल्ली: CJP के विरोध में उतरे पालिका बाजार के दुकानदार, पुलिस के समर्थन में जुटे
दिल्ली के कनॉट प्लेस (CP) में CJP के विरोध में पालिका बाजार के दुकानदारों का एक समूह जुटा है. ये लोग CJP के प्रदर्शन का विरोध करते हुए दिल्ली पुलिस और ज्ञानेश कुमार के समर्थन में पहुंचे हैं.
5:21 PM
दिल्ली: तिरंगा मार्च पर पुलिस का बयान- अफसरों की निजी जानकारी साझा करना गैरकानूनी
दिल्ली में CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस के PRO राजीव रंजन ने कहा कि इस मामले में अब तक किसी ने पुलिस से संपर्क नहीं किया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने को लेकर फ्लैग कोड में नियम तय हैं. हर नागरिक को इनका पालन करते हुए तिरंगे का सम्मान करना चाहिए. राजीव रंजन ने यह भी कहा कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी के दौरान की तस्वीरें और वीडियो के साथ उनकी निजी जानकारी साझा कर रहे हैं. ऐसा करना निजता का उल्लंघन है और गैरकानूनी है.
5:18 PM
बेंगलुरु में CJP को प्रदर्शन की अनुमति नहीं
बेंगलुरु में पुलिस से टाउन हॉल पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद CJP ने नई मांग रखी है. संगठन ने अब राष्ट्रीय ध्वज लेकर ‘क्विट इंडिया मेमोरियल’ तक 100 मीटर चलने की इजाजत मांगी है. इस दौरान प्रदर्शन, नारेबाजी या पोस्टर-बैनर ले जाने की अनुमति नहीं मांगी गई है.
दरअसल, CJP ने पहले बेंगलुरु के टाउन हॉल में प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी. पुलिस ने इसकी इजाजत देने से इनकार कर दिया. इसकी वजह यह बताई गई कि कर्नाटक हाई कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, बेंगलुरु में प्रदर्शन के लिए तय जगह फ्रीडम पार्क है. इसके अलावा किसी दूसरी जगह प्रदर्शन की अनुमति नहीं है.
5:09 PM
AAP ने भी शुरू किया तिरंगा मार्च
आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी तिरंगा मार्च शुरू कर दिया है. वहीं, दिल्ली पुलिस ने तिरंगा मार्च से पहले अभिजीत दिपके को डिटेन कर लिया है. इससे पहले पुलिस ने उन्हें दो नोटिस जारी किए थे.
5:05 PM
तिरंगा यात्रा से पहले अभिजीत दिपके हिरासत में
अभिजीत दिपके को एहतियातन हिरासत में लिया गया है. इससे पहले दिल्ली पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट से हिरासत में लिया था. पुलिस ने उन्हें बाउंड डाउन किया था. इसके बाद कोर्ट ने 50 हजार रुपये के पीस बॉन्ड पर उन्हें छोड़ा था. साथ ही, एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त पर उनसे बॉन्ड पर हस्ताक्षर कराए गए थे.
4:51 PM
दिपके को दिल्ली पुलिस ने किया डिटेन, समर्थकों की नारेबाजी जारी
तिरंगा मार्च से पहले दिल्ली में हलचल तेज हो गई है. दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके को डिटेन कर लिया है, जिसके बाद उनके समर्थक नारेबाजी कर रहे हैं.
4:45 PM
तिरंगा मार्च से पहले हलचल तेज, CP पहुंचने लगे प्रदर्शनारी
तिरंगा मार्च से पहले कनॉट प्लेस (CP) में हलचल तेज हो गई है. कुछ प्रदर्शनकारी तिरंगा लेकर NDMC प्वाइंट पर पहुंचे हैं, जहां वे ऊपर चढ़कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर भी संदेश दिया गया है कि तिरंगे का सर्वोच्च सम्मान होना चाहिए और देशभक्ति हर व्यवहार में दिखनी चाहिए.

Written & Edit by : Chandan Patel
AVN NEWS | ख़बर वही, जो है सही
www.avnnews.in

यह भी पढ़ें: देश ओर राज्यों बिहार जमुई और आसपास की स्थानीय खबरों के लिए AVN News पर जुड़े रहें।
