AVN News Weather Report: उत्तर-पश्चिम दिशाओं से चल रही बर्फीली हवाओं के चलते उत्तर भारत में हाड़ कंपाने वाली ठंड शुरू हो गई है। गुरुवार को कोल्ड डे की गंभीर स्थिति ने लोगों को दिनभर ठिठुराया और अधिकतम तापमान 12-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है, जो मौसम के हिसाब से सामान्य से 2-6 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने कहा है कि दिन में लगातार बादल छाए रहने और सूरज के नहीं दिखाई देने के कारण पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगर अधिकतम तापमान मौसम के हिसाब से सामान्य से 4.5-6.4 डिग्री नीचे गिरता है तो ठंडा दिन घोषित किया जाता है। यदि तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री कम हो तो गंभीर ठंडा दिन घोषित किया जाता है। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में गुरुवार को अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.8 डिग्री नीचे है। हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो इस मौसम के सामान्य से 6.8 डिग्री कम है। पंजाब के पटियाला में तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.1 डिग्री कम है। मध्य प्रदेश के भोपाल में अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 7.3 डिग्री कम है।

उत्तर भारत

अगले सप्ताह से राहत मिलने की उम्मीद

मौसम विभाग ने बताया कि गर्म और नम दक्षिण-पश्चिमी हवाओं से रविवार के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, दक्षिणी हरियाणा और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले सप्ताह की शुरुआत में हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की भी भविष्यवाणी की है।

घने कोहरे से ट्रेन-विमान संचालन हुआ प्रभावित

घने कोहरे के चलते कम विजिविल्टी होने के कारण गुरुवार को दिल्ली आने वाली कम से कम 26 ट्रेनें देरी से चल रही थीं। इसके अलावा विमानों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को जम्मू शहर में अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा क्योंकि वहा खराब मौसम की वजह से उनका विमान जम्मू हवाई अड्डे पर नहीं उतर सका और विमान को पठानकोट की ओर मोड़ दिया गया।

उत्तर भारत

उत्तर भारत आठ जनवरी को बारिश की है संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, आठ और नौ जनवरी को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की भी संभावना है। मौसमी दशाओं में बदलाव के कारण बारिश से तापमान में बढ़त हो सकती है। संभावना है कि 10 जनवरी तक दिल्ली के अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़त हो सकती है और पारा 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विभाग का मानना है कि बारिश के कारण मौसम में बदलाव हो सकता है। इससे आसमान साफ होगा, जिससे स्थिति में सुधार हो सकता है।

उत्तर भारत

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *