AVN News Desk New Delhi: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में देश-विदेश में आप (आम आदमी पार्टी) कार्यकर्ताओं ने आंदोलन तेज कर दिया है। आप के आह्वान पर आज रविवार सुबह 10 बजे से सामूहिक उपवास करेंगे। इसकी शुरुआत जंतर मंतर और पंजाब में शहीद भगत सिंह के गांव खटखड़कलां से होगी। इसमें आप के विधायक, मंत्री, सांसद, पार्षद और पदाधिकारी जुटेंगे। इसी तरह उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत देश के 25 राज्यों की राजधानी, जिला व ब्लॉक मुख्यालय, गांव व कस्बों में लोग उपवास कर अरविंद केजरीवाल को आशीर्वाद देंगे। इसके अलावा विदेश में यूएस के न्यूयार्क, बोस्टन, लॉस एंजिल्स, वाशिंगटन डीसी, कनाडा में टोरंटो, ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न, यूके में लंदन समेत अन्य जगहों पर उपवास होगा।

मुख्यमंत्री केजरीवाल के समर्थन के लिए आप की प्रेसवार्ता

वही शनिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने आरोप लगाते हुए कहा है कि षड्यंत्र और एजेंसियों का दुरुपयोग कर अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद हर दिन बीतने के साथ अब केंद्र सरकार के षड्यंत्र का पर्दाफाश हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि यह साफ दिख रहा है कि लोगों के फर्जी बयानों के आधार पर मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर जेल में डाला गया है। ऐसे लोगों के साथ बीजेपी और एनडीए का चंदा और टिकट का रिश्ता बन गया है।

उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई प्रधानमंत्री मोदी की रैली का जिक्र करते हुए आरोप लगाया है कि नरेंद्र मोदी बोल रहे थे कि इंडिया गठबंधन भ्रष्टाचारियों को बचाना चाहता है और वह भ्रष्टाचार को मिटाना चाहते हैं, लेकिन पूरा देश यह देख रहा है कि उन्होंने अजीत पवार, छगन भुजबल, अशोक चौव्हाण पर खुद भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, अब वह उन लोगों को बचाने में लगे हुए हैं। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से लोगों में आक्रोश है। गोपाल राय ने कहा है कि इस गिरफ्तारी के खिलाफ अब एक जन आंदोलन बनेगा।

मुख्यमंत्री
दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय

तस्वीरें भेजने के लिए एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी

गोपाल राय ने अपील की है कि देश-दुनिया में जहां भी अरविंद केजरीवाल के समर्थन में सामूहिक उपवास कर रहे हैं, उसकी तस्वीरें व्हाट्सएप नंबर 7290037700 पर भेजें। इस नंबर पर देश और दुनिया में सामूहिक उपवास में शामिल होने वाले लोग अपनी तस्वीरें, नाम, डिटेल, लोकेशन और कार्यक्रम स्थल का नाम जरूर दें।

देश के इन सभी राज्यों की राजधानी में लोग करेंगे सामूहिक उपवास

गोपाल राय ने बताया है कि उत्तराखंड के देहरादून में जैन धर्मशाला प्रिंस चौक, उत्तर प्रदेश में लखनऊ के विधायक पुरम, महाराष्ट्र के मुंबई में गांधी स्थल, वही राजस्थान के जयपुर में शहीद स्मारक पार्क में, बिहार के पटना में गांधी मैदान, झारखंड के रांची में बापू वाटिका ऐतिहासिक मुरादाबादी मैदान, तेलंगाना के हैदराबाद में इंदिरा पार्क, केरल के त्रिवेंद्रम में जीपीओ जंक्शन, तमिलनाडु के चेन्नई में रुकमणी लक्ष्मीपति सलाई, आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में गांधी स्टेच्यू, ओडिशा के भुवनेश्वर में धरना प्लेस, पश्चिम बंगाल के कोलकाता में रानी रश्मोनी दौरमोटाला, जम्मू में हरि सिंह पार्क, कश्मीर में मारुति ड्राइविंग इंस्टीट्यूट, मध्य प्रदेश के भोपाल में रोशनपुरा चौहरा, गुजरात के अहमदाबाद में स्टेट ऑफिस, पंजाब में शहीद भगत सिंह के गांव खटखड़कलां, कर्नाटक के बेंगलुरु में अंदर फ्रीडम पार्क, गोवा के आजाद मैदान और हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सदाचार स्थल अर्जुन चौक समेत अन्य जगहों पर आज सामूहिक उपवास का कार्यक्रम होगा।

विदेश में भी इन जगहों पर होगा सामूहिक उपवास

गोपाल राय ने बताया है कि विदेश में अमेरिका के बोस्टन में हार्वर्ड स्क्वॉयर, लॉस एजेंलिस के हॉलीवुड साइन, सेन फ्रांसिस्को के लेक एलिजाबेथ, वॉशिंगटन डीसी के इंडियन एंबेंसी, कनाडा के टोरंटो में ब्राम्पटन सिटी हॉल, टैक्सस के डलास में महात्मा गांधी मेमोरियल प्लाजा, न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर, वैनकुवर के हॉलैंड पार्क डाउनटाउन, ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में फेडरेशन स्क्वायर, इंग्लैंड के लंदन में पार्लियामेंट स्क्वायर, जर्मनी के बर्लिन में ब्रैनडनबर्ग गेट और नॉर्वे के ओस्लो में नॉर्वेजियन पार्लियामेंट में सामूहिक उपवास का कार्यक्रम होगा।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *