जमुई। बिहार सरकार के परिवहन मंत्री एवं झाझा विधायक दामोदर रावत के खिलाफ अभद्र भाषा वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। मामले में झाझा पुलिस ने नितीश यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से माइक, प्रेस आईडी कार्ड और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद प्रेस आईडी कार्ड असली है या फर्जी। वहीं, वीडियो में दिखाई देने वाले दो अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी पुलिस के रडार पर है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पर जदयू के युवा जिलाध्यक्ष बलवंत कुमार सिंह से वीडियो वायरल नहीं करने के बदले 10 हजार रुपये मांगने, 2,200 रुपये लेने और शेष रकम नहीं मिलने पर वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आरोप है।
वीडियो दिखाकर मांगे 10 हजार रुपये, 2,200 रुपये देने का दावा
मामले की शुरुआत 3 नवंबर 2026 की शाम करीब सात बजे से बताई जा रही है। जदयू के युवा जिलाध्यक्ष बलवंत कुमार सिंह ने झाझा थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि इसी दौरान नितीश यादव उनसे मिला था।
आरोप के मुताबिक, नितीश ने उन्हें उलाई नदी के किनारे शूट किया गया एक वीडियो दिखाया। इस वीडियो में राह गिरो से बात चित करते हुए राहगीरो ने अपनी समस्याएं बताए जो कि नदी पर पूल नहीं होने से दिक्कतों को लेकर वीडियो बनाया। इस वीडियो में बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी ने खुद को पत्रकार बताते हुए वीडियो वायरल नहीं करने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी भी दी।
बलवंत कुमार सिंह के अनुसार, मंत्री की छवि खराब होने की आशंका से उन्होंने अपनी जेब में रखे 2,200 रुपये आरोपी को दे दिए। इसके बावजूद आरोपी ने आठ हजार रुपये और मांगे।
बाकी रुपये नहीं मिले तो फेसबुक और यूट्यूब पर डाला वीडियो
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शेष रकम नहीं मिलने पर 5 नवंबर की सुबह नितीश यादव ने कथित वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया।
बताया गया है कि वीडियो को फेसबुक अकाउंट ‘Nitish Kr Yadav’, इंस्टाग्राम आईडी ‘npyadavjhajha01’ और यूट्यूब चैनल ‘Np poultry from vlogs’ पर अपलोड किया गया।
बलवंत कुमार सिंह का आरोप है कि उन्होंने जब आरोपी से वीडियो हटाने को कहा तो उसने बाकी रुपये नहीं मिलने की बात कही। साथ ही, ज्यादा बोलने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पांच धाराओं में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस ने किया गिरफ्तार
जदयू नेता बलवंत कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर झाझा थाना में कांड संख्या 524/26, दिनांक 5 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 308(5), 351(2), 351(3) और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत कार्रवाई की है।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नितीश यादव को गिरफ्तार कर लिया।
माइक, प्रेस आईडी कार्ड और मोबाइल फोन बरामद
झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि 5 नवंबर को प्राप्त लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक माइक, प्रेस का आईडी कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि बरामद प्रेस आईडी कार्ड की जांच की जा रही है। यह वास्तविक है या फर्जी, इसका सत्यापन होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वीडियो में दिख रहे दो अन्य लोगों की भी होगी जांच
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में उस वीडियो में दिखाई देने वाले दो अन्य व्यक्तियों का भी जिक्र है, जिन पर मंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है।
पुलिस अब दोनों व्यक्तियों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम में उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की जा रही है।
मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई अमरजीत कुमार को सौंपी गई है।
ऑटो चालक होने की भी मिल रही जानकारी, पेशे की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में एक और जानकारी सामने आ रही है कि गिरफ्तार नितीश यादव पेशे से ऑटो चालक है। हालांकि, पुलिस की ओर से उसके पेशे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस उसके प्रेस आईडी कार्ड और पत्रकारिता से जुड़े दावों का सत्यापन कर रही है।
पत्रकारिता की पहचान पर भी उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर पत्रकारिता की पहचान और उसकी विश्वसनीयता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्रकारिता का काम जनता की समस्याओं को सामने लाना, सत्ता और व्यवस्था से सवाल पूछना तथा लोकतंत्र में जनता की आवाज बनना है।
अगर किसी व्यक्ति पर पत्रकार होने का दावा करके कथित तौर पर किसी को डराने, रुपये मांगने या खबर प्रकाशित करने की धमकी देने का आरोप लगता है, तो ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
हालांकि, किसी एक व्यक्ति पर लगे आरोपों के आधार पर पूरी पत्रकार बिरादरी को कटघरे में खड़ा करना भी उचित नहीं है। मामले में पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।
नोट: इस खबर में रंगदारी मांगने, रुपये लेने, धमकी देने और सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने से संबंधित बातें शिकायतकर्ता के आवेदन और पुलिस के बयान पर आधारित हैं। आरोपी का पक्ष फिलहाल उपलब्ध नहीं है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
Written & Edit by : Chandan Patel
AVN NEWS | ख़बर वही, जो है सही
www.avnnews.in
यह भी पढ़ें: देश ओर राज्यों बिहार जमुई और आसपास की स्थानीय खबरों के लिए AVN News पर जुड़े रहें।
गिद्धौर में दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में बनी रणनीति
सत्ता आपकी, सरकार आपकी, फिर भी खतरे में देश? जनता पूछ रही है सीधे सवाल!
दिल्ली में INDIA गठबंधन की महारैली में किस नेता ने क्या कहा देखें वीडियो
जमुई: गिद्धौर में घर के बाहर खड़ा टेम्पू चोरी, रात 12:30 बजे अज्ञात चोरों ने उड़ाया; थाने में आवेदन
गिद्धौर नगर पंचायत गठन पर विवाद गहराया, पूर्व प्रमुख श्रवण कुमार यादव ने उठाए नियमों पर सवाल
विधान परिषद की 28 सीटों पर आज मतदान, बिहार में नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई
गिद्धौर में पार्किंग के नाम पर राहगीरों से बदसलूकी का आरोप, मेला प्रबंधन पर उठे सवाल
धर्म, राजनीति और नफरत: आखिर कब तक इंसान को इंसान से लड़ाया जाएगा?
जमुई में तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवक गंभीर घायल; एक की हालत नाजुक
विजयादशमी पर मुखिया प्रत्याशी गौतम रावत ने दी शुभकामनाएं, मांगोबंदर पंचायत के विकास का लिया संकल्प

