जमुई: बिहार के जमुई शहर में शनिवार को मुहर्रम के ताजिया और अखाड़ा जुलूस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इस्लामनगर इलाके में जुलूस पर कथित तौर पर एक घर की छत से पथराव कर दिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया। फिलहाल पूरे इलाके में शांति कायम है और मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा है।

इस्लामनगर में मुहर्रम जुलूस पर पथराव, वीडियो भी आया सामने

जानकारी के अनुसार, शहर के इस्लामनगर वार्ड संख्या-26 के पास मुहर्रम के ताजिया और अखाड़ा जुलूस के दौरान अचानक एक घर की ओर से पथराव किया गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। इस बीच घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे SDPO, एक युवक हिरासत में

सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4:30 बजे इस्लामनगर से मुहर्रम जुलूस पर पथराव की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वे थाना अध्यक्ष के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दिया।

उन्होंने बताया कि तब तक जुलूस आगे बढ़ चुका था। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और जिलेभर में मुहर्रम के सभी जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से निकाले जा रहे हैं।

मुहर्रम
मौके पर पहुंचे SDPO, एक युवक हिरासत में

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हजार से अधिक जवान तैनात

मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पहले से ही पूरी तरह अलर्ट था। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब एक हजार से अधिक पुलिस जवान, पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात किए गए हैं।

प्रशासन ने साफ कहा है कि धार्मिक पर्व में खलल डालने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व वार्ड सदस्य बोले- हर साल शांतिपूर्ण निकलता था जुलूस

पूर्व वार्ड सदस्य सकलदेव दास ने बताया कि इस इलाके से हर वर्ष मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से गुजरता रहा है। लेकिन इस बार कुछ असामाजिक तत्वों ने छत से पथराव कर माहौल खराब करने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि घटना के बाद कमेटी ने कुछ समय के लिए जुलूस रोकने का निर्णय लिया था, लेकिन पुलिस प्रशासन की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था के बाद जुलूस को दोबारा शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि कमेटी प्रशासन के साथ है और किसी भी वर्ग के असामाजिक तत्वों का समर्थन नहीं करती।

पुलिस ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Written & Edit by : Chandan Patel.

ये खबर भी पढ़े…राम मंदिर जमीन खरीद मामले में नया मोड़: AAP सांसद संजय सिंह ने SIT को सौंपे 11 अहम दस्तावेज, जांच पर टिकी निगाहें

ये खबर भी पढ़े…जमुई में टोटो चालक और उसके भाई से मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के सिर पर पिस्टल की बट से हमला

ये खबर भी पढ़े…धोबघट-कोल्हुआ सड़क की बदहाली से बढ़ी ग्रामीणों की मुश्किलें

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *