सदर बाजार, बारा टूटी, हौज़ काजी और चांदनी चौक के लोगों का प्रदर्शन
दिल्ली के पुराने और व्यस्त बाजार क्षेत्रों सदर बाजार, बारा टूटी, हौज़ काजी और चांदनी चौक में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या के विरोध में स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रिहायशी इलाकों में कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। एक पोस्टर पर लिखा था, “शासन/प्रशासन निकाले समाधान, रिहायशी जनता परेशान, रिहायशी क्षेत्रों में कमर्शियल वाहनों को नो एंट्री जोन में आने से रोका जाए।“
मानव संरक्षक कल्याण संगठन ने उठाई आवाज
प्रदर्शन का नेतृत्व मानव संरक्षक कल्याण संगठन (रजि.) के सदस्यों ने किया। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि रिहायशी क्षेत्रों में भारी और कमर्शियल वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
उनका कहना है कि कई स्थानों पर नो-एंट्री और नो-पार्किंग नियमों का प्रभावी तरीके से पालन नहीं कराया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में नाराजगी
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि घंटों तक लगने वाले ट्रैफिक जाम से कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं क्षेत्र में रहने वाले लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि बाजारों और रिहायशी गलियों में कमर्शियल वाहनों की भीड़ के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।
एम्बुलेंस और जरूरी सेवाएं भी होती हैं प्रभावित
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार लगने वाले जाम का असर केवल आम लोगों पर ही नहीं बल्कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ता है। कई बार तो मरीजों और जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता नहीं मिल पाती है।
प्रशासन से की गई प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के समक्ष कई मांगें रखीं:
- रिहायशी क्षेत्रों में कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर सख्ती से रोक।
- नो-एंट्री और नो-पार्किंग नियमों का कड़ाई से पालन।
ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करना। - अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाना।
- बाजार क्षेत्रों के लिए अलग ट्रैफिक प्लान लागू करना।
- स्थानीय लोगों और व्यापारियों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना।
मानव संरक्षक कल्याण संगठन और जनता ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रैफिक जाम और कमर्शियल वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक नहीं लगाई गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
आसान! UIDAI ने 30+ नए Documents को दी मंजूरी, क्लिक करे और देखें पूरी लिस्ट..
Edited and Written by : Chandan Patel.
