कोल्हुआ पंचायत के वार्ड नंबर 5 में दो वर्षों से फूटी पड़ी है पानी टंकी, कई टोलों तक अब तक नहीं पहुंची नल-जल सुविधा

गिद्धौर प्रखंड में कोल्हुआ पंचायत के वार्ड नंबर 5 में मुख्यमंत्री हर घर नल-जल योजना की स्थिति बदहाल होती जा रही है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ ग्रामीणों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से पानी की टंकी फूटी हुई है, जिससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दे रहे हैं।

यादव टोला और पासवान टोला तक अब तक नहीं पहुंची पाइपलाइन

ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड के यादव टोला और पासवान टोला में आज तक नल-जल योजना की पाइपलाइन तक नहीं पहुंच पाई है। इससे वहां के लोगों को आज भी पेयजल के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है।
वहीं माली टोला में पाइपलाइन तो बिछाई गई, लेकिन अब तक नलों में पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

कोल्हुआ
2 साल से फूटी टंकी, हजारों लीटर पानी बर्बाद

“ना मुखिया सुध लेते हैं, ना वार्ड सदस्य”

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद न तो मुखिया और न ही वार्ड सदस्य इस समस्या के समाधान के लिए कोई पहल कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि योजना का ठेकेदार भी पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है।
ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “ठेकेदार कान में शुद्ध सरसों का तेल देकर सोए हुए हैं और जनता परेशान है।”

ग्रामीणों में भारी आक्रोश

इस मामले को लेकर ग्रामीण आशीष कुमार, धानेश्वर मालाकार, विकास कुमार मिश्रा, बहादुर यादव और निरंजन मालाकार सहित कई लोगों ने सरकार और विभागीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द फूटी टंकी की मरम्मत कराने, सभी टोलों तक पाइपलाइन पहुंचाने और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

कोल्हुआ पंचायत में वार्ड नं 5 के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पीएचईडी विभाग से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

 

खैरा के मिल्की गांव में दो साल से पेयजल संकट, 35 घरों के लोग परेशान, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, लिंक पर क्लिक करें और पढ़े ख़बर 

 

गिद्धौर में बालू लदे ट्रकों का कहर: दुर्गा मंदिर पुल पर घंटों जाम, ग्रामीण और राहगीर परेशान, लिंक पर क्लिक करें और पढ़े ख़बर

Report By: Vikki Kumar
Edited and Written by : Chandan Patel

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *