पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम और पश्चिम बंगाल में कई बड़ी विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री असम के सिलचर में 23,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे पश्चिम बंगाल के कोलकाता में करीब 18,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री दोनों राज्यों में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
सुबह सिलचर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री शनिवार सुबह करीब 10:45 बजे असम के सिलचर पहुंचेंगे। यहां वे सड़क, रेलवे और शिक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करना, व्यापार को बढ़ावा देना और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री सिलचर में आयोजित एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेसवे से यात्रा होगी आधी
प्रधानमंत्री सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेसवे की आधारशिला भी रखेंगे। करीब 22,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेसवे लगभग 166 किलोमीटर लंबा होगा। इसके निर्माण के बाद सिलचर और गुवाहाटी (Guwahati) के बीच यात्रा का समय मौजूदा करीब आठ घंटे से घटकर चार से साढ़े चार घंटे रह जाने की उम्मीद है। इससे व्यापार, पर्यटन और माल परिवहन को नई गति मिलेगी।
सिलचर में फ्लाईओवर और कृषि कॉलेज की सौगात
असम में प्रधानमंत्री सिलचर शहर में लगभग 563 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फ्लाईओवर का शिलान्यास भी करेंगे। इसके बनने से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। इसके अलावा पाथारकान्दी (Patharkandi) में करीब 122 करोड़ रुपये की लागत से तीन कृषि महाविद्यालयों की आधारशिला रखी जाएगी। इन कॉलेजों से क्षेत्र में कृषि शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
रेलवे क्षेत्र में भी बड़ा कदम
प्रधानमंत्री सिलचर-चुराईबारी रेल विद्युतीकरण परियोजना का उद्घाटन करेंगे। करीब 655 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के पूरा होने के बाद रेल सेवाएं अधिक तेज और ऊर्जा-कुशल बनेंगी। इससे यात्रियों को बेहतर और समयबद्ध रेल सेवाएं मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
कोलकाता में भी हजारों करोड़ की परियोजनाएं
असम के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री कोलकाता (Kolkata) पहुंचेंगे। यहां वे करीब 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
इनमें 420 किलोमीटर से अधिक लंबाई वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं शामिल हैं, जिनकी लागत करीब 16,990 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इन परियोजनाओं में एनएच-19 और एनएच-114 के कई हिस्सों का विकास शामिल है, जिससे सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और यातायात जाम कम होने की उम्मीद है।
ब्रिगेड मैदान की रैली से चुनावी संदेश
कोलकाता दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ब्रिगेड परेड मैदान में एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस रैली को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
यह कार्यक्रम भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन के रूप में आयोजित किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस मंच से प्रधानमंत्री राज्य की राजनीति और विकास के मुद्दों पर बड़ा संदेश दे सकते हैं।

