पीएम नरेंद्र मोदी कनाडा के दौरे पर पहुंचे हुए हैं. वह फिलहाल कैलगरी शहर में पहुंच चुके हैं, जहां से वह अल्बर्टा प्रांत के कैननास्किस में आयोजित होने वाले 51वें G7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे. पीएम नरेंद्र मोदी साइप्रस से सीधे कनाडा पहुंचे हैं. इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर पीएम मोदी कई वैश्विक नेताओं के साथ नजर आएंगे. हालांकि, इस समिट में पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुलाकात नहीं होगी.

दरअसल, ईरान-इजरायल टेंशन के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप G7 समिट से जल्दी निकल रहे हैं. ट्रंप आज रात ही वॉशिंगटन डीसी के लिए रवाना होंगे.

सात देशों- कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका- का समूह वैश्विक अर्थव्यवस्था का 44% प्रतिनिधित्व करता है, लेकिन इसका आकार वैश्विक जनसंख्या का केवल 10% ही है.

PM मोदी का 2015 के बाद से कनाडा का यह पहला दौरा है. वह G-7 समिट में कनाडा के पीएम मार्क कार्नी, यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की और मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लॉडिया शेनबॉम से मुलाकात करेंगे. इसके अलावा इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से भी पीएम नरेंद्र मोदी की मुलाकात होगी.

अगर ट्रंप सीजफायर करवाते हैं तो हम देंगे साथ’, इजरायल-ईरान संघर्ष पर बोले मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इजरायल-ईरान संघर्ष पर बयान देते हुए कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बातचीत जारी रखने की बात कही है, जो एक सकारात्मक कदम है. मैक्रों ने कहा है कि अगर अमेरिका संघर्षविराम सुनिश्चित कर पाता है तो यह बहुत अच्छी बात होगी और फ्रांस इसका पूरा समर्थन करेगा.

‘इजरायल को आत्मरक्षा का अधिकार’, G7 देशों ने खुलकर किया सपोर्ट

कनाडा में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी कर मिडिल ईस्ट संकट पर चिंता जताई है. नेताओं ने ईरान को लेकर तनाव कम करने की अपील की है, साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि इजरायल को अपनी आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है. बयान में यह भी कहा गया कि G7 देशों का रुख हमेशा से साफ रहा है कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकता. नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है.

प्रधानमंत्री मोदी के कनाडा दौरे से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स आप AVN News पेज को रिफ्रैश करते रहे:

नहीं होगी ट्रंप और पीएम मोदी की मुलाकात, वापस लौट रहे US प्रेसिडेंट

G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात अब नहीं होगी. राष्ट्रपति ट्रंप स्थानीय समयानुसार सोमवार रात तक वाशिंगटन डीसी लौट जाएंगे. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण ट्रंप ने अपना दौरा बीच में ही खत्म करने का फैसला लिया है.

पीएम
फाइल फोटो: अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प

ग्लोबल लीडर्स के साथ इन मुद्दों पर चर्चा करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी इस शिखर सम्मेलन के दौरान G7 देशों के नेताओं, आमंत्रित आउटरीच देशों के प्रमुखों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के साथ महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे. इन मुद्दों में एनर्जी सिक्योरिटी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे विषय शामिल होंगे, खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऊर्जा के आपसी संबंध तथा क्वांटम तकनीक से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

इस साल कनाडा कर रहा जी7 की मेजबानी, कौन-कौन ले रहा हिस्सा?

इस साल G7 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कनाडा कर रहा है. G7 देशों के नेताओं के अलावा इस बार यूरोपीय संघ (EU) और कुछ गैर-G7 देशों के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया है. कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी द्वारा आमंत्रित नेताओं में मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लॉडिया शेनबॉम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान शामिल हैं. इसके अलावा यूक्रेन, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और दक्षिण कोरिया के नेता भी इस सम्मेलन में शिरकत करेंगे.

जी7 शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले ही रवाना होंगे ट्रंप, मिडिल ईस्ट में तनाव को बताया कारण

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कनाडा में चल रहे ग्रुप ऑफ सेवन (G7) शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले ही रवाना हो रहे हैं. व्हाइट हाउस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, ‘मुझे जल्द लौटना होगा- कारण तो जाहिर हैं.’ व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन ने एक्स पर लिखा, ‘मिडिल ईस्ट में हालात को देखते हुए राष्ट्रपति ट्रंप आज रात स्टेट हेड्स के साथ डिनर के बाद रवाना होंगे.’

कनाडा के कैलगरी शहर पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी कनाडा के कैलगरी शहर पहुंच गए हैं. वह यहां से अल्बर्टा प्रांत के कैननास्किस में होने वाले 51वें G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. पीएम नरेंद्र मोदी साइप्रस से सीधे कनाडा पहुंचे हैं.

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *