गिद्धौर (जमुई): गिद्धौर-जमुई मुख्य राजमार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां लॉर्ड मिंटो टॉवर चौक बाजार के समीप एक मालवाहक ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। वही इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घायल की पहचान जमुई जिले के प्रतापपुर गांव निवासी स्वर्गीय मोहम्मद अल्लाउदीन के पुत्र मोहम्मद निसारुद्दीन के रूप में की गई है। बताया जाता है कि निसारुद्दीन किसी रिश्तेदार के यहां सुईया जाने के लिए घर से निकले थे।
इसी दौरान गिद्धौर बाजार पहुंचने पर
एक तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक ट्रक के नीचे फंसी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में निसारुद्दीन को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को उठाकर इलाज के लिए गिद्धौर स्थित दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर
चिकित्सकों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

गिद्धौर में बढ़ते सड़क हादसों से लोगों में चिंता
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन इस पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
