खैरा थाना क्षेत्र में बुधवार अहले सुबह हुआ दर्दनाक हादसा : बिहार के जमुई जिले में बुधवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना खैरा थाना क्षेत्र के हरदी मोह के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान, एक ही गांव के थे तीनों युवक
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के सेवा गांव निवासी कैलाश रावत (45) और मंटू रावत (40) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक का नाम सौरभ कुमार (24) बताया जा रहा है, जो उसी गांव का रहने वाला है।
शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर खैरा के रायपुरा गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। यह बारात झारखंड के गिरिडीह जिले से आई थी। शादी समारोह से लौटते समय सुबह करीब 3 बजे हरदी मोह के पास उनकी बाइक एक फल (आम) से लदे पिकअप वाहन से टकरा गई।
तेज रफ्तार और असंतुलन बना हादसे की मुख्य वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिकअप वाहन तेज गति में था और संभवतः चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे उसने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल युवक का चल रहा इलाज
हादसे में घायल सौरभ कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पिकअप चालक और खलासी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन के चालक और उपचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
परिजनों का बयान: “एक ही बाइक पर से आर रहे थे तीनों ”
मृतक के भतीजे दिलखुश कुमार ने बताया कि तीनों लोग शादी समारोह से लौट रहे थे और एक ही बाइक पर सवार थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी।
मृतक के भाई रमेश कुमार ने भी बताया कि आम लदा पिकअप अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गया।
खैरा पुलिस का बयान
खैरा थाना अध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप और बाइक की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जमुई में बढ़ती वारदात: आखिर क्यों नहीं थम रहा अपराध का सिलसिला?, पढ़े पूरी खबर लिंक पर क्लिक करे
