जमुई। गिद्धौर थाना क्षेत्र में 26 जनवरी 2026 की सुबह हुई बड़ी लूट की वारदात के बाद पुलिस विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतने के आरोप में गिद्धौर थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक दीनानाथ सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

गिद्धौर थाना गेट के ठीक सामने स्थित डॉ. विजयेन्द्र सत्यार्थी के मकान

मिली जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी की सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच गिद्धौर थाना गेट के ठीक सामने स्थित डॉ. विजयेन्द्र सत्यार्थी के मकान में पांच अपराधियों ने घुसकर लूटपाट की थी। घटना बेहद गंभीर मानी गई, क्योंकि वारदात थाना परिसर के सामने ही हुई, इसके बावजूद अपराधी आराम से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक, जमुई द्वारा थानाध्यक्ष को निलंबित करने की अनुशंसा की गई थी। इसी के आलोक में पुलिस उप-महानिरीक्षक, मुंगेर क्षेत्र ने आदेश जारी करते हुए दीनानाथ सिंह को सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, जमुई निर्धारित किया गया है।

गिद्धौर

नए थानाध्यक्ष की तैनाती तक जयप्रकाश सिंह संभालेंगे जिम्मेदारी

जब तक गिद्धौर थाना को नया थानाध्यक्ष नहीं मिलता, तब तक अपर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० जयप्रकाश कुमार सिंह को थाना की विधि-व्यवस्था और दैनिक कार्यों का प्रभार सौंपा गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना के सामने हुई इस लूट ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी थी, ऐसे में यह कार्रवाई जरूरी थी।

सवालों के घेरे में पुलिसिंग

थाना गेट के सामने दिनदहाड़े लूट की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों में यह चर्चा है कि अगर थाना के सामने ही लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम इलाकों की स्थिति क्या होगी। अब देखना होगा कि इस निलंबन के बाद गिद्धौर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस कितनी सख्ती दिखाती है।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *