गिद्धौर में सनसनीखेज वारदात: जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के गंगरा गांव में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वही इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
पार्टी के बहाने बुलाकर रची गई साजिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी आश्रम गंगरा निवासी लक्ष्मण कुमार को गांव के ही कुछ युवकों ने पार्टी करने के बहाने दादपुर बगीचा बुलाया। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने अपनी असली मंशा जाहिर कर दी और युवक पर हमला बोल दिया।
लोहे की रॉड और फरसा से किया गया हमला
पीड़ित के अनुसार, मन्नू रावत ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद सनी पासवान ने फरसा से उसकी पीठ पर हमला किया, जिससे हालत और बिगड़ गई।
साक्ष्य मिटाने के लिए सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश
हमले के बाद आरोपियों ने घटना को सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश की। आरोप है कि मिथुन रावत ने घायल युवक को गाड़ी से बांधकर घसीटा और सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि इसे एक्सीडेंट का मामला बनाया जा सके।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल लक्ष्मण कुमार को तुरंत गिद्धौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया है।
पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई की तैयारी
पीड़ित ने गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

गिद्धौर CHC में CCTV सिस्टम फेल: मरीज और डॉक्टर की सुरक्षा भगवान भरोसे .. ये खबर भी पढ़े
गांव में तनाव, ग्रामीणों में आक्रोश
इस घटना के बाद गंगरा गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
