गिद्धौर (जमुई)। गिद्धौर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गिद्धौर से कोल्हुआ होते हुए जमुई को जोड़ने वाले बाईपास मार्ग पर कोल्हुआ चौक के पास हुआ, जहां बालू लदे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से महिला की जान चली गई।
घटना स्थल पर ही हुई महिला की मौत
जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान जमुई थाना क्षेत्र के निमारंग गांव निवासी बिरजू साव की पत्नी रुको देवी (62 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला अपाची बाइक से अपने किसी रिश्तेदार के साथ निमारंग से लक्ष्मीपुर के दिघ्घी सुखासन गांव जा रही थी।
इसी दौरान कोल्हुआ चौक के पास तेज गति से आ रहे बालू लदे ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद जुटी ग्रामीणों की भारी भीड़
घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। महिला की मौत से पूरे इलाके में मातम का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने गिद्धौर-कोल्हुआ भाया जमुई बाईपास मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर बालू लदे ट्रकों का बेतरतीब परिचालन होता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गिद्धौर पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर के प्रभारी थानाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ अवर निरीक्षक रंजीत कुमार राय, मनीष कुमार, पंकज सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच में जुट गई है और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश कर रही है।
करीब एक घंटे से सड़क जाम
समाचार लिखे जाने तक बाईपास मार्ग पर करीब एक घंटे से जाम लगा हुआ है। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
पुलिस प्रशासन स्थिति को सामान्य करने और जाम समाप्त कराने में जुटा हुआ है।
