पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और इम्पोर्टेड गैस सप्लाई में आ रही रुकावटों का असर अब देश में भी महसूस होने लगा है। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत सामने आ रही है। इससे गैस एजेंसियों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।

सप्लाई में देरी और सीमित उपलब्धता के कारण कई जगहों पर सिलिंडर की डिलीवरी प्रभावित हो रही है। इसका असर आम लोगों की दैनिक जरूरतों पर भी पड़ रहा है। संभावित सप्लाई बाधित होने की आशंका के चलते लोग घबराहट में घरेलू गैस सिलिंडर खरीदने के लिए गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं।

दिल्ली के कई गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से लग रही लंबी कतारें

मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। माता सुंदरी रोड स्थित डीडीए मार्केट (DDA Market) के एक गैस सर्विस सेंटर पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही।

इसके अलावा झंडेवालान इलाके की एक गैस एजेंसी के बाहर भी दर्जनों लोग सिलिंडर लेने के लिए खड़े दिखाई दिए। यहां सिलिंडर पहुंचते ही कुछ ही मिनटों में खत्म हो जा रहे हैं, जिससे लोगों में चिंता और बढ़ गई है।

दिल्ली
गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से लग रही लंबी कतारें

अचानक बढ़ी मांग, पैनिक में खरीद रहे लोग

गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि पिछले चार-पांच दिनों से सिलिंडर की मांग अचानक बढ़ गई है। कई लोग जरूरत से ज्यादा सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे पैनिक जैसी स्थिति बन गई है। कुछ एजेंसियों का दावा है कि ब्लैक मार्केट में गैस सिलिंडर की कीमत 1500 रुपये तक पहुंच गई है। इससे स्थिति और चिंताजनक हो गई है।

होटल और रेस्तरां को गैस नहीं मिल पा रही

दक्षिण दिल्ली के एक इंडियन गैस डिलीवरी बॉय महेश यादव के अनुसार पिछले कुछ दिनों में सिलिंडर की मांग करीब 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है। कई उपभोक्ता अतिरिक्त सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है।

वहीं दिल्ली की कई छोटी गैस एजेंसियों के संचालकों का कहना है कि पिछले दो दिनों से कमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई नहीं आ रही है। इसके कारण आसपास के होटल और रेस्तरां को गैस नहीं मिल पा रही है। कुछ एजेंसियों ने अपने कार्यालयों के बाहर नोटिस भी लगा दिए हैं कि फिलहाल कमर्शियल गैस की सप्लाई उपलब्ध नहीं है। उषा गैस सर्विस के संचालक के अनुसार कमर्शियल गैस की आपूर्ति फिलहाल अनिश्चित बनी हुई है, इसलिए वे सप्लाई नहीं दे पा रहे हैं। इससे कई ग्राहक एजेंसी पहुंचकर स्थिति को लेकर चिंता जता रहे हैं।

मंगलवार रात से गैस खत्म होने का खतरा

नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष जोरावर कालरा ने कहा है कि राजधानी दिल्ली के कई होटल, रेस्तरां और ढाबों में मंगलवार रात से ही गैस खत्म होने की स्थिति बन सकती है। उन्होंने बताया है कि देश के करीब 80 प्रतिशत होटल उद्योग इस समय संकट का सामना कर रहे हैं। अगर सप्लाई जल्द सामान्य नहीं हुई तो इसका असर पूरे होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर पड़ सकता है।

ऑनलाइन फूड डिलीवरी और क्लाउड किचन भी हो सकते हैं प्रभावित

रेस्तरां उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि गैस संकट का असर केवल ऑफलाइन रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं रहेगा। ऑनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़े क्लाउड किचन भी इससे प्रभावित हो सकते हैं।

भारत में बड़ी संख्या में लोग ऑनलाइन खाना मंगाने पर निर्भर हैं, इसलिए अगर गैस संकट बढ़ता है तो इसका असर आम उपभोक्ताओं तक भी पहुंच सकता है।

बुकिंग में भी आ रही दिक्कत

मॉडल टाउन के रहने वाले सतीश भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार को गैस बुक कराई थी, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हुई है। उनके घर में गैस कभी भी खत्म हो सकती है। वहीं शाहदरा निवासी राहुल ने बताया कि जब उन्होंने बुकिंग करने की कोशिश की तो एजेंसी का नंबर स्विच ऑफ बता रहा था। व्हाट्सएप के जरिए बुकिंग करने की कोशिश भी सफल नहीं हुई। करीब पांच-छह घंटे प्रयास करने के बाद बुकिंग तो हो गई, लेकिन अभी तक कोई संदेश नहीं मिला है।

7 दिन बाद भी नहीं मिली गैस

बुराड़ी में रहने वाली वर्षा शर्मा ने बताया कि उन्होंने सात दिन पहले गैस सिलिंडर बुक किया था, लेकिन अभी तक डिलीवरी नहीं मिली है। गैस नहीं मिलने के कारण घर का कामकाज प्रभावित हो रहा है और उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सिलिंडर की कीमत भी बढ़ी

उधर आम उपभोक्ता गैस की उपलब्धता के साथ-साथ बढ़ती कीमतों को लेकर भी चिंतित हैं। बताया जा रहा है कि 7 मार्च से घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

दिल्ली में अब 14.2 किलो का घरेलू एलपीजी सिलिंडर करीब 913 रुपये का हो गया है। ऐसे में बढ़ती कीमतों और अनिश्चित सप्लाई ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

लोगों का कहना है कि उन्हें डर है कि आने वाले दिनों में गैस की कमी और बढ़ सकती है, इसलिए वे पहले से सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *