जमुई जिले के गिद्धौर स्थित दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विवादों में है। अस्पताल की कार्यशैली और लचर व्यवस्था को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं। वही इस बार आरोप यह है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल लाने के बाद ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने ड्यूटी समाप्त होने का हवाला देकर तत्काल इलाज करने से साफ इनकार कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
सड़क दुर्घटना में घायल युवक को ग्रामीण लेकर पहुंचे अस्पताल
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 7:55 बजे सोनो प्रखंड के डुमरी गांव निवासी तनोज कुमार अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। इसी दौरान केशवपुर गांव के समीप सड़क दुर्घटना में वह घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए गिद्धौर के दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

डॉक्टर पर इलाज से इनकार करने का लगा आरोप
घायल व्यक्ति के परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉ. राहुल कुमार और जीएनएम नूतन कुमारी ने यह कहते हुए इलाज करने से साफ मना कर दिया कि उनकी ड्यूटी समाप्त हो चुकी है और अब आने वाले डॉक्टर ही मरीज का इलाज करेंगे। इस बात को लेकर परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया।
अस्पताल की व्यवस्था पर पहले भी उठते रहे हैं सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं। लोगों का आरोप है कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ कई बार संतोषजनक व्यवहार नहीं किया जाता, जिससे ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बनी रहती है।
डॉक्टर राहुल कुमार ने क्या कहा?
आरोपों पर सफाई देते हुए डॉ. राहुल कुमार ने कहा कि उनकी ड्यूटी रात 8 बजे समाप्त हो चुकी थी। उनके अनुसार, उनकी ड्यूटी के दौरान कोई मरीज इलाज के लिए नहीं आया था।
चिकित्सा पदाधिकारी ने दिए जांच के निर्देश
इस पूरे मामले पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नरोत्तम कुमार ने कहा कि घटना का वीडियो मंगवाकर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब कार्रवाई पर टिकी लोगों की नजर
गिद्धौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें सामने आने के बावजूद अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ऐसे में इस ताजा मामले की जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
Written & Edit by : Chandan Patel.
Reported by: Bikki Kumar .
