AVN News Desk New Delhi : आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2024 का आगाज 22 मार्च को होना है. मगर उससे पहले ही दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने अपने फैन्स को एक खुशखबरी दे दी है. भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत जल्द ही क्रिकेट की पिच पर वापसी करेंगे। वे आईपीएल (IPL) 2024 सीजन के दौरान दिल्ली कैपिटल्स टीम की कप्तानी संभालते हुए भी दिखेंगे। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार रात को इसकी घोषणा की। ऋषभ पंत पिछले साल कार दुर्घटना में बुरी तरह से घायल हो गए थे, जिस कारण पिछले आईपीएल सीजन में भी नहीं खेल सके थे। उनकी जगह आईपीएल 2023 में डेविड वॉर्नर ने दिल्ली की कमान संभाली थी। अब ऋषभ पंत 15 महीने बाद मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं और उन्हें एक बार फिर से टीम की कमान सौंप दी गई है।
दिल्ली कैपिटल्स (DC) के सह मालिक पार्थ जिंदल ने मीडिया रिलीज में कहा है कि, हमें अपने कप्तान के रूप में ऋषभ पंत का स्वागत करते हुए एक बार फिर से खुशी हो रही है। धैर्य और निडरता ने हमेशा उनके क्रिकेट ब्रांड को निर्धारित किया है। रिकवरी करते समय भी उन्होंने इसका प्रमाण दिया था। मैं उन्हें अपनी टीम के लिए खेलते देखने का इंतजार नहीं कर पा रहा हूं। हम नए सीजन में नए जज्बे और प्रेरणा के साथ उतरेंगे।
हाल ही में फिट घोषित किए गए थे
वही ऋषभ पंत 30 दिसंबर 2022 में दिल्ली से अपने घर वो अकेले कार चलाकर रूढ़की जा रहे थे. इस भयानक एक्सीडेंट में ऋषभ पंत को गंभीर चोटें आई थीं. इसके बाद उनकी कई सारी सर्जरी हुई थीं. उनकी चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें एयरलिफ्ट करके इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया था। इलाज के बाद ऋषभ पंत लंबे समय तक बैंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैबिलिटेशन में रहे और कड़ी मेहनत करके उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास किया है। हाल ही में बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें फिट घोषित किया जिसके बाद ऋषभ पंत की मैदान पर वापसी सुनिश्चित हो गई है।
विशाखापत्तनम में टीम के ट्रेनिंग शिविर से भी जुड रहे
बाएं हाथ के बल्लेबाज ऋषभ आईपीएल 2024 के लिए दिल्ली कैपिटल्स के ट्रेनिंग शिविर के लिए विशाखापत्तनम में है। वही दिल्ली कैपिटल का पहला मुकाबला 23 मार्च को पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के खिलाफ ही खेला जाएगा। दिल्ली के फैंस के लिए यह बहुत राहत की बात है कि ऋषभ पंत इस टूर्नामेंट में विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर खेलेंगे।
ऋषभ पंत की तैयारी से खुश हैं रिकी पोंटिंग
दिल्ली टीम के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग भी ऋषभ पंत की तैयारी से संतुष्ट हैं। उन्होंने टीम के ट्रेनिंग शिविर के दौरान नेट्स पर ऋषभ को खेलते देखा और उनकी बल्लेबाजी देखकर खुश नजर आए थे। रिकी पोंटिंग ने कहा है कि, हमने पिछले साल ऋषभ पंत को काफी मिस किया। ऋषभ पंत टीम में काफी ऊर्जा भरते हैं और उनके चेहरे पर हमेशा हंसी रहती है। ऋषभ पंत हमेशा की तरह गेंद को अच्छी तरह हिट कर रहे हैं।

ऋषभ पंत ने आईपीएल में 30 मैचों में की दिल्ली की कप्तानी
ऋषभ पंत ने IPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 30 मैचों में कप्तानी की है. इस दौरान टीम को 16 मैचों में जीत मिली है, जबकि 13 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. एक मैच टाई रहा है. पंत का बतौर कप्तान जीत का प्रतिशत 53.33 रहा है, जो सहवाग के मुकाबले (53.84) थोड़ा सा ही कम है.
