AVN News Desk: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पांचवें चरण का मतदान 20 मई को होना है। ऐसे में आज शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। मतदान से 48 घंटे पहले शोर थमने से पहले बीजेपी आलाकमान चार राज्यों में धुआंधार चुनाव प्रचार की योजना बना चुका है। पीएम नरेंद्र मोदी हरियाणा और दिल्ली में चुनाव प्रचार करेंगे। पार्टी के चाणक्य कहे जाने वाले गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगे। इसके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगे। और कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में चुनाव प्रचार करने जा सकते हैं।

लोकसभा

पीएम के अलावा अमित शाह भी भरेंगे हुंकार

बीजेपी की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी हरियाणा के अंबाला और सोनीपत में अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री उत्तर पूर्वी दिल्ली में शाम करीब 6.30 बजे एक अन्य चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। दिन के पहले कार्यक्रम में अमित शाह झांसी में लगभग 11.30 बजे रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे बांदा में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। अमित शाह गांधी परिवार का गढ़ माने जाने वाले लोकसभा क्षेत्र अमेठी में भी हुंकार भरेंगे। अमेठी के रामलीला मैदान में दोपहर करीब 3.30 बजे चुनावी जनसभा प्रस्तावित है।

लोकसभा चुनावों में कांग्रेस शासित प्रदेश में जेपी नड्डा के तीन कार्यक्रम

बीजेपी के इन दो शीर्ष नेताओं के अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कांग्रेस शासित राज्य हिमाचल प्रदेश में धुआंधार चुनावी कार्यक्रम करेंगे। नड्डा कांगड़ा में दो चुनावी रैलियां करेंगे। इसके बाद राजधानी शिमला में भी चुनावी रैली का कार्यक्रम है। नड्डा का पहला कार्यक्रम कांगड़ा में लगभग 11.20 बजे होगा। इसके बाद दोपहर करीब 1.10 बजे चंबा जिले के चौगान ग्राउंड में भी चुनावी रैली होगी। दोनों इलाके कांगड़ा लोकसभा सीट के दायरे में आते हैं। राजधानी शिमला में दोपहर करीब 3.55 बजे एक और रैली होगी। सोलन जिले के तालाब ग्राउंड में नड्डा की चुनावी जनसभा प्रस्तावित है।

मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी सरीखे कद्दावर कांग्रेसी भी कर सकते हैं प्रचार

हिंदी भाषी प्रदेशों के रूप में चर्चित इन चार राज्यों के सियासी कार्यक्रमों के अलावा कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी सरीखे दिग्गज भी चुनाव प्रचार और रोड शो कर सकते हैं। आप को बता दें कि चुनाव आयोग के मुताबिक चार चरणों के लोकसभा चुनाव में अब तक 379 सीटों पर मतदान कराए जा चुके हैं। राजनीतिक दलों का मानना है कि आधे से अधिक चुनाव खत्म हो चुका है। अब महज 150 लोकसभा सीटों पर मतदान कराए जाने बाकी हैं।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *