AVN News Desk New Delhi: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है. इस दौरान उन्होंने सासंद राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का विवरण भी दिया और बताया है कि कैसे यात्रा 6700 किमी की दूरी तय करेगी. उन्होंने एक बार फिर से मणिपुर का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला और कहा है कि प्रधानमंत्री हर जगह जा रहे हैं लेकिन वो मणिपुर क्यों नहीं जा रहे हैं?

मणिपुर क्यों नहीं जाते पीएम- मल्लिकार्जुन खड़गे

पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा, ‘मणिपुर में दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी और घटती रही है. पर रात दिन मोदी जी कभी समंदर में जाकर या Swimming (तैराकी) करने का फोटो सेशन करते हैं, तो कभी कंस्ट्रक्शन हो रहा है मंदिरों का, वहां पर जाकर फोटो निकाल लेते हैं, कभी केरल में निकाल लेते हैं तो कभी बंबई में जाकर निकाल लेते हैं. हर जगह जाकर नए-नए अपने वस्त्र पहनकर फोटो खिंचाते हैं, लेकिन ये महापुरुष मणिपुर क्यों नहीं गए जहां लोग मर रहे हैं.जहां महिलाओं को रेप किया जा रहा है, जहां लोग ठंड में मर रहे हैं. वहां पर उनका हालचाल पूछने के लिए नहीं जा रहे हैं, क्यों नहीं जा रहे हैं? क्या वो देश का हिस्सा नहीं है? आप लक्षदीप जाकर पानी में ठहरते हो, तो क्या आप मणिपुर जाकर लोगों को समझा नहीं सकते?’

‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का भी किया जिक्र

सासंद राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का जिक्र करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘हम एक बहुत बड़ी भारत जोड़ो न्याय यात्रा को 14 जनवरी से शुरू करने वाले हैं. राहुल गांधी जी के नेतृत्व में ये यात्रा मणिपुर की राजधानी इंफाल से शुरू होगी और नागालैंड, आसाम, अरुणचाल होते हुए ये देश के 15 राज्यों से गुजरेगी और अंत में मुंबई में पहुंचेंगे. 110 जिलों से होते हुए यह यात्रा 100 लोकसभा सीटें और 337 विधानसभा सीटें को कवर करेगी. करीब 6700 किमी दूरी तय करके यह यात्रा महाराष्ट्र के मुंबई में खत्म होगी. ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ देश के सभी सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और बुनियादी मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है.’

यात्रा का लोगो को भी किया लॉन्च

केंद्र को निशाने पर लेते हुए मलिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘जब हमने संसद में देश से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिश की तो सरकार ने हमें बोलने ही नहीं दिया.देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब 146 सांसदों को निलंबित कर दिया गया है. इसलिए हम ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ से लोगों के बीच में जा रहे हैं ताकि हम अपनी बात उनसे कह सकें और समाज के हर वर्ग से मिलकर उनकी बात को सुन सकें.’ इस दौरान उन्होंने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का लोगो भी लॉन्च किया है और कहा है कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’, देशवासियों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने की और हमारा एक मजबूत कदम है.

मल्लिकार्जुन खड़गे

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *