AVN News Weather Report: उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। सर्दी के साथ ही घने कोहरे की मार भी झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में रविवार को भीषण ठंड पड़ने और दो जनवरी तक बहुत घना कोहरा होने का अनुमान जताया है। कोहरे के चलते शनिवार को 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों में देरी हुई। वहीं, अयोध्या धाम-दिल्ली एक्सप्रेस समेत 100 से अधिक ट्रेनें दो से आठ घंटे की देरी से चलीं। कई ट्रेनें रद्द भी करनी पड़ीं।

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कई हिस्सों में रविवार को कड़ाके की ठंड की संभावना जताई है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में एक जनवरी तक बहुत घना कोहरा रहने और दृश्यता 50 मीटर से भी कम रहने का अनुमान जताया है। वहीं, पंजाब के कई हिस्सों, पश्चिम उत्तर प्रदेश में रात्रि और सुबह के दौरान चार जनवरी तक घने कोहरे का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में दो जनवरी तक कोहरा छाया रहेगा। ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 दिसंबर को घना कोहरा रहेगा।

 सात से 10 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान

राजधानी दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया। ज्यादातर शहर घने कोहरे की चपेट में रहे। बादल छाए रहे और सूर्य की तपिश महसूस नहीं हुई।

उत्तर भारत

 

ड्राइविंग धीरे करे, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें

मौसम विभाग ने चेतावनी दी कि कोहरे में धीरे ड्राइविंग करें। फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। अस्थमा पीड़ित बाहर न निकलें, इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है। एयरलाइंस कंपनियों ने सभी यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति जांच कर ही निकले एयरपोर्ट के लिए।

उत्तर भारत

 कैसा रहेगा उत्तर प्रदेश का मौसम

यूपी में आज भी शीतलहर चलने के साथ ही घना कोहरा छाए रहने की पूरी संभावना है। शनिवार को भी कोहरे के कारण धूप नहीं निकली थी। इसके साथ ही शीतलहर के कारण गलन भी महसूस हो रही है। घने कोहरे के कारण प्रयागराज में लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी उड़ानें रद रहीं। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है और इसके कारण नमी की अधिकता है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी ऐसा ही मौसन रहने की संभावना है।

उत्तर भारत

बिहार के 19 जिलों में छाया घना कोहरा, गिरा तापमान

मौसम विभाग ने बिहार की राजधानी पटना समेत प्रदेश के 19 जिलों में घना कोहरा छाए रहने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। कई जिलों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट और पछुआ हवा चलने के कारण ठंड में वृद्धि की संभावना है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दो से चार जनवरी के दौरान पटना सहित 19 शहरों के एक या दो स्थानों पर वर्षा की भी संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राजधानी पटना में आज अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई जा रही है।

उत्तर भारत

मध्य प्रदेश में हो सकती है बरसात

मध्य प्रदेश के ग्वालियर, सागर,चंबल, रीवा, भोपाल संभाग के जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। शनिवार की सुबह ग्वालियर में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। खजुराहो में दृश्यता 50 मीटर, भोपाल में 800 मीटर रही। प्रदेश में सबसे कम सात डिग्री सेल्सियस तापमान दतिया एवं ग्वालियर में दर्ज किया गया। चार शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। पचमढ़ी में पारा 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, ग्वालियर, दतिया एवं छतरपुर जिले में शनिवार को ठंड बढ़ी है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भोपाल संभाग के कई जिलों में बारिश (Rain ) हो सकती है।

उत्तर भारत

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *