AVN News Weather Report: उत्तर भारत के ज्यादातर क्षेत्रों में अच्छी धूप के बावजूद शीतलहर के कारण ठंड में कमी नहीं आई है। घने कोहरे की वजह से राजधानी दिल्ली में 400 से अधिक घरेलू, अंतरराष्ट्रीय उड़ानें व 100 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं हैं। 68 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जबकि मार्ग बदलकर चार उड़ानों को जयपुर व एक को अहमदाबाद भी भेजा गया।

उत्तर भारत में अगले तीन दिन चलेगी शीतलहर का कहर

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया, उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिन तक शीतलहर चलेगी। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को 16 जनवरी को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख में 16-17 जनवरी व उत्तराखंड में 17-18 जनवरी को कहीं हल्की तो कहीं मूसलाधार बारिश (बरसात) हो सकती है। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ व पूर्वोत्तर के राज्यों में भी कुछ जगह हल्की बारिश की संभावना है।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल व सिक्किम के ज्यादातर क्षेत्रों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा था। दिल्ली में लगातार चौथे दिन पारा गिरकर 3.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं, पंजाब के नवांशहर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 डिग्री, हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

उत्तर भारत
दिल्ली फाइल फोटो

कश्मीर में बर्फ का सूखा

जनवरी में बर्फ से लदे रहने वाला कश्मीर नए साल के 15 दिन बीत जाने के बाद भी सूखा है। अत्यधिक ठंड के बीस दिन गुजरने के बाद भी घाटी में बर्फबारी नहीं हुई है।

राजधानी दिल्ली में सोमवार की सुबह सबसे ठंडी

उत्तर-पश्चिम दिशाओं से चल रही ठंडी हवाओं से सुबह गलन महसूस हुई है। सोमवार को राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम रहा है। यह इस सीजन का सबसे ठंडी सुबह रही है। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, न्यूनतम न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। रविवार के मुकाबले 0.2 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।

विमान की रफ्तार को कोहरे ने थामा तो ट्रेन के पहिए पर लगाया ब्रेक

वहीं, कोहरे की वजह से उड़ानों की जानकारी नहीं मिलने से सभी यात्री परेशान रहे। नाराज यात्री सुरक्षा कर्मियों और एयरपोर्ट प्रशासन से भी उलझ रहे है। साथ ही विमानन कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी करते दिख रहे है। विमान में बैठने के बाद उड़ान नहीं भरने की स्थिति में क्रू मेंबर से भी झगड़ रहे है। मिलान जाने वाले एक यात्री सुधीर चड्ढा ने बताया कि विमान संख्या एयू 137 एयर इंडिया की फ्लाइट रविवार दो बजे के लिए निर्धारित थी। लेकिन शाम छह बजे तक विमान की स्थिति का पता नहीं था। बाद में यह कहा गया है कि उनकी उड़ान रद्द कर दी गई है।

उत्तर प्रदेश में सर्दी अपने चरम पर चल रही है। शाम से शुरू हुई ठंडी हवाएं रात बीतने के साथ बढ़ती गईं। हालांकि मंगलवार की सुबह कोहरे का असर कम दिखा। अवध के कई जिलों में विजिबिलिटी बीते दिनों की तुलना में बेहतर रही। इसके पहले हाड़ कंपाने वाली ठंड से जूझ रहे राजधानी के लोगों को सोमवार को कुछ राहत मिली। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने और धूप खिलने से दिन का पारा भी लगभग स्थिर बना रहा। कोहरा भी अन्य दिनों की तुलना में कुछ छटा और विजिबिलिटी बढ़ी। हालांकि मौसम विभाग ने घने कोहरे की चेतावनी लिस्ट से लखनऊ को बाहर नहीं किया है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम
वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अभी ठंड ऐसे ही बनी रहेगी। पारे में मामूली उतार-चढ़ाव होते रहेंगे। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जोकि रविवार को 5.9 था। अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को यह 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। वहीं बीते कुछ दिनों से दृश्यता 0 से 50 मीटर दर्ज की जा रही थी, लेकिन सोमवार को कोहरा छंटने से 300 मीटर तक दृश्यता दर्ज की गई।

सरसों पर संकट, और उत्पादन होगा प्रभावित

सरसों पर संकट के मसले पर चंद्रभानु गुप्त कृषि स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कृषि विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह के मुताबिक कम तापमान और आर्द्रता 90 फीसदी से ऊपर होने की वजह से सरसों में सफेद रतुआ बीमारी की शिकायतें बढ़ रही हैं। इटौंजा, महोना, मोहनलालगंज,बख्शी का तालाब, माल और मलिहाबाद से इसकी शिकायतें आ रही हैं। इससे सरसों का उत्पादन और गुणवत्ता दोनों ही प्रभावित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *