Ranya Rao Case: सोना तस्करी के आरोप में अपनी सौतेली बेटी रान्या राव की गिरफ्तारी पर कर्नाटक राज्य पुलिस आवास निगम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रामचंद्र राव ने अब चुप्पी तोड़ी है। इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। जब मीडिया के माध्यम से उन्हें इस घटना के बारे में जानकारी मिली तो वह खुद हैरान रह गए।

सोने की तस्करी के खबरों से हुई इस मामले की जानकारी

रामचंद्र राव ने इस विवाद से खुद को दूर करने की कोशिश करते हुए कहा है कि कानून अपना काम करेगा। मेरे करियर पर कोई भी काला धब्बा नहीं है। रान्या की तस्करी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के बारे में पहले से मुझे कोई जानकारी नहीं थी और रान्या की गिरफ्तारी के बारे में केवल मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से पता चला।

परिवार के साथ नहीं रहतीं रान्या राव

उन्होंने आगे कहा है कि, ‘जब मीडिया के माध्यम से ऐसी घटना मेरे संज्ञान में आई तो मैं भी हैरान और हताश हो गया था। मुझे इनमें से किसी भी चीज के बारे में पता नहीं था। किसी भी अन्य पिता की तरह मैं भी हैरान और परेशान था। वह हमारे साथ नहीं रह रही हैं। वह अपने पति के साथ अलग रह रही हैं। कुछ पारिवारिक मुद्दों के कारण उनके बीच कुछ समस्या है।’

हमेशा प्राथमिकता रही है सार्वजनिक सेवा

रामचंद्र राव ने अपनी ईमानदारी और देश के प्रति अपनी निष्ठा के बारे में बात करते हुए कहा है कि सार्वजनिक सेवा उनकी प्राथमिकता रही है। ऐसे में उन्हें यह जानकार बेहद दुख पहुंचा है कि इस आजीवन समर्पण के बावजूद उनकी प्रतिष्ठा और परिवार का भविष्य अब ऐसी किसी चीज से धूमिल हो रहा है, जो उनके नियंत्रण से बाहर है। उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत को इन घटनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है, जो उनकी छवि को नुक्सान पहुंचा रहा है।

कौन हैं रामचंद्र राव

डीजीपी ने आश्वासन दिया है कि यदि रान्या द्वारा किसी भी कानून का उल्लंघन किया गया है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रान्या वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं। डीजीपी रैंक के अधिकारी रामचंद्र वर्तमान में कर्नाटक राज्य पुलिस आवास एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। वह अक्तूबर 2023 से पुलिस महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं।

रान्या
रान्या राव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रामचंद्र राव

क्या है पूरा मामला

अभिनेत्री रान्या राव को सोमवार को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से करोड़ों रुपये के सोने की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने उन्हें तब गिरफ्तार किया, जब वह जिस एमिरेट्स फ्लाइट से यात्रा कर रही थीं, वह सोमवार शाम को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतरीं। कथित तौर पर वह अपने सौतेले पिता रामचंद्र राव के संबंधों और संपर्कों का इस्तेमाल अपनी यात्राओं के दौरान हवाई अड्डों पर सुरक्षा जांच से बचने के लिए करती थीं।

12.56 करोड़ रुपये का सोना बरामद

रान्या के पास से 12.56 करोड़ रुपये का सोना बरामद होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उसके बाद डीआरआई अधिकारियों ने लावेल रोड के पॉश इलाके में स्थित उनके बेंगलुरु स्थित घर पर भी छापा मारा। वहां से उन्हें करोड़ों रुपये का सोना और नकदी बरामद हुई।मामले में कुल जब्ती 17.29 करोड़ रुपये की है, जिसमें 4.73 करोड़ रुपये की संपत्ति शामिल है, जो संगठित सोना तस्करी नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका है। डीआरआई के अनुसार, 14.2 किलोग्राम सोना हाल के दिनों में बेंगलुरु हवाई अड्डे पर जब्त सबसे बड़ी सोने की खेप में से एक है।

रान्या

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *