AVN News Desk: लोकसभा चुनाव में एक जून को होने वाले अंतिम दौर के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा एक ही दिन में चार राज्यों में धुआंधार चुनाव प्रचार करेंगे। पीएम मोदी पश्चिम बंगाल और झारखंड, अमित शाह ओडिशा, जबकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे।

लोकसभा चुनाव अब अंतिम चरण में

छह दौर के चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद अब अंतिम चरण का लोकसभा चुनाव एक जून को होना है। एक जून को होने वाले मतदान से पहले भाजपा आलाकमान पूरी ताकत झोंक रहा है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो राज्यों में तीन चुनावी रैलियां और एक रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री इन राजनीतिक कार्यक्रमों के अलावा बंगाल में दो और कार्यक्रमों में भी शरीक होंगे। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ओडिशा दौरे पर तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश में तीन चुनावी रैली करेंगे। भाजपा की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी प्रचार की शुरुआत झारखंड के दुमका से करेंगे।

बंगाल और झारखंड को साधने की अंतिम कोशिशें

पीएम नरेंद्र मोदी झारखंड के दुमका में दोपहर लगभग 12.15 बजे से चुनावी रैली करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल रवाना हो जाएंगे। बंगाल में पीएम मोदी दोपहर करीब ढाई बजे बारासात में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम करीब चार बजे से जादवपुर में रैली प्रस्तावित है। शाम लगभग 5.55 बजे पीएम मोदी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद उत्तर कोलकाता में भाजपा ने रोड शो की योजना बनाई है। रोड शो का समय शाम करीब 6 बजे से तय किया गया है। रोड शो के बाद पीएम मोदी विवेकानंद की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

पार्टी प्रमुख नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह के चुनावी कार्यक्रम

ओडिशा दौरे पर शाह भद्रक लोकसभा सीट पर चांदबली में दोपहर करीब 12.30 बजे प्रचार करने जाएंगे। इसके बाद जाजपुर में दोपहर करीब सवा दो बजे एक और जनसभा होगी। दिन की अंतिम चुनावी रैली में शाह पुरी के नीमापाड़ा में जनता को संबोधित करेंगे। यह जगतसिंहपुर लोकसभा सीट के दायरे में आता है। शाह के अलावा जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश के मंडी में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। राजधानी शिमला में भी एक चुनावी रैली प्रस्तावित है। नड्डा किन्नौर जिले में सुबह 11 बजे, जबकि शिमला में रामपुर के ननखड़ी मैदान में दोपहर 1.20 से चुनावी रैली होगी।

लोकसभा

लोकसभा चुनावों में अलग-अलग चरणों में अब तक कितनी वोटिंग हुई

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में 66.14%, दूसरे चरण में 66.71% और तीसरे चरण में 65.68% वोटिंग दर्ज की गई। 2019 के मुकाबले तीन चरणों में इस बार कम वोटिंग हुई थी। हालांकि, चौथे दौर में 96 सीटों पर 69.16 मतदान हुआ जबकि 2019 में इन सीटों पर 69.12% वोटिंग हुई थी। पांचवें दौर में सभी आठ राज्यों में 62.20 फीसदी मतदान हुआ। छठे चरण में 63.36 फीसदी मतदान हुआ है।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *