AVN News Desk New Delhi: लोकसभा चुनावों में कांग्रेस आलाकमान ने दिल्ली की अपने हिस्से की तीनों सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम तकरीबन तकरीबन तय कर लिए हैं। इसमें उत्तर पूर्व दिल्ली क्षेत्र से जेएनयू (JNU) के पूर्व छात्र नेता कन्हैया कुमार, चांदनी चौक क्षेत्र से पूर्व सांसद संदीप दीक्षित व उत्तर-पश्चिम दिल्ली क्षेत्र से पूर्व सांसद उदित राज के नाम शामिल हैं। संभवत: शुक्रवार को उम्मीदवारों की लिस्ट जारी हो सकती है। उधर, सूत्र बताते हैं कि अब भी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का एक खेमा लिस्ट में शामिल उम्मीदवारों के नामों से सहमत नहीं है। इनकी कोशिश लिस्ट में बदलाव करवाने की है।

सूत्रों के अनुसार उत्तर-पूर्व दिल्ली क्षेत्र से कन्हैया कुमार के नाम की दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने कभी भी सिफारिश नहीं की थी। पहले कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी उनको बिहार से चुनाव लड़वाना चाह रहा है, लेकिन बिहार में कांग्रेस पार्टी का सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल इससे सहमत नहीं हुआ था। ऐसे में कन्हैया कुमार को वहां से नहीं उतारा जा सका। अब पार्टी इनको उत्तर-पूर्व दिल्ली संसदीय सीट से चुनाव लड़ाने जा रही है। इस क्षेत्र से बीजेपी ने लगातार तीसरी बार अपने पूर्वांचली नेता मनोज तिवारी को टिकट दिया है। कांग्रेस पार्टी का मानना है कि कन्हैया कुमार को दिल्ली में रह रहे पूर्वांचली ही नहीं, बल्कि दिल्ली के तमाम लोग भी जानते हैं। इस कारण वह मनोज तिवारी को कड़ी टक्कर दे सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस ने इस क्षेत्र से पूर्व सांसद संदीप दीक्षित के अलावा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चतर सिंह के नाम भेजे थे।
कांग्रेस पार्टी आलाकमान ने उत्तर-पूर्व दिल्ली क्षेत्र से कन्हैया कुमार का नाम तय करने के कारण पूर्व सांसद संदीप दीक्षित को चांदनी चौक क्षेत्र से चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया है। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस ने इस क्षेत्र से पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल व पूर्व विधायक अलका लांबा के नाम की भी सिफारिश की गई थी। जयप्रकाश अग्रवाल इस क्षेत्र से तीन बार सांसद रह चुके हैं, जबकि लांबा इस क्षेत्र से एक बार विधायक चुनी जा चुकी हैं। वही संदीप दीक्षित पूर्वी दिल्ली क्षेत्र से दो बार सांसद चुने गए थे। वहीं, कांग्रेस आलाकमान ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली से उदित राज के नाम पर मुहर लगाई है। प्रदेश कांग्रेस ने इस क्षेत्र से उनके नाम के साथ-साथ पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान व पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार का नाम भेजा था। हाल ही में उदित राज को हरियाणा के अंबाला से टिकट देने की भी चर्चा शुरू हुई थी।

लोकसभा
कन्हैया कुमार,संदीप दीक्षित और उदित राज

लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस पार्टी का एक खेमा उम्मीदवारों के नामों से सहमत नहीं

सूत्रों ने बताया है कि प्रदेश कांग्रेस का एक खेमा तीनों क्षेत्रों के लिए तय किए गए उम्मीदवारों के नामों को लेकर असहमत है। उसने आलाकमान का अवगत कराया है कि ये तीनों उम्मीदवार चुनाव जीतने में सक्षम नहीं हैं। इस खेमे ने तीनों क्षेत्रों में इलाके के नेताओं के साथ-साथ इलाके की वस्तुस्थिति का तवज्जो देने की मांग की है। इस खेमे ने उत्तर पूर्व दिल्ली क्षेत्र से संदीप दीक्षित, चौ. अनिल चौधरी व चतर सिंह, चांदनी चौक से जयप्रकाश अग्रवाल और उत्तर पश्चिम दिल्ली क्षेत्र से राजकुमार चौहान व सुरेंद्र कुमार में से किसी एक को टिकट देने पर जोर दिया है।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *