AVN News Weather Updates: मौसम विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम व उत्तर-पूर्व दिशाओं से चल रही ठंडी हवा से दिल्ली का पारा गिर गया है। गुरुवार को सुबह का तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया है। अनुमान लगाया गया है कि शुक्रवार को सुबह के तापमान में कुछ और गिरावट होगी। भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही, आशंका जताई है कि सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे गणतंत्र दिवस की परेड में होने वाले हवाई करतब को देखना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। अभी दिल्ली-एनसीआर में कोहरा छाया हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है दिल्ली का मंगेशपुर इलाका सबसे ठंडा रहा है। यहां का अधिकतम तापमान सबसे कम 14.1 डिग्री दर्ज किया गया है। शुक्रवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा रह सकता है। कुछ स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति भी बन सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया जा रहा है।

मौसम विभाग
इंडिया गेट की तस्वीर

कोहरे के कारण 400 उड़ानें हुआ प्रभावित

घने कोहरे की वजह से यातायात व्यवस्था बुरी तरह से चरमराई हुई है। वहीं, शुक्रवार को गणतंत्र दिवस समारोह की वजह से विमानों की आवाजाही प्रभावित होगी क्योंकि कई घंटे तक सभी एयर रूट बाधित रहेगा। इसी तरह तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन पर भी दोपहर 12 बजे के बाद तक ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। गुरुवार को 400 के करीब घरेलू व अंतरराष्ट्रीय विमान प्रभावित हुए हैं। 12 से अधिक विमान रद्द भी रहे। देर रात से ही रनवे पर दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम होने की स्थिति में विमानों का संचालन प्रभावित होने लगता है। यह स्थिति सुबह पांच बजे तक रही है। गणतंत्र दिवस समारोह की वजह से ढाई से अधिक घंटे तक एयर रूट बंद होने से विमानों के संचालन पर असर पड़ रहा है। इस वजह से यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

77 से भी अधिक दिल्ली आने वाली ट्रेनें देरी से राजधानी पहुंचीं

ट्रेनों की धीमी रफ्तार के कारण भी यात्रियों को खूब परेशान होना पड़ रहा है। गुरुवार को 77 से अधिक दिल्ली आने वाली ट्रेनें कोहरे की वजह से देरी से पहुंचीं। इनमें कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस 7 घंटे, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 8 घंटे, बनारस-नई दिल्ली 4 घंटे, हावड़ा-कालका मेल 5 घंटे व वैशाली 3 घंटे की देरी से पहुंची थीं। इसके अलावा रीवा एक्सप्रेस, कैफियत, ब्रह्मपुत्र, राजेंद्र नगर व डिब्रूगढ़ राजधानी भी देरी से दिल्ली पहुंचीं है।

मौसम विभाग
भारतीय रेल फोटो

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *