जमुई।जमुई जिले में बालू लदे ट्रकों का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। बरहट थाना क्षेत्र के गुगुलडीह चौक पर बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग ब्रह्मदेव तांती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि उनका दायां हाथ बुरी तरह कुचल गया। डॉक्टरों को उनकी जान बचाने के लिए इलाज के दौरान हाथ काटना पड़ा। फिलहाल बुजुर्ग का इलाज जमुई के एक निजी क्लीनिक में चल रहा है।
रतनपुर से केनुहट जा रहा था बालू लदा ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार, बालू लदा ट्रक रतनपुर से केनुहट की ओर जा रहा था। इसी दौरान गुगुलडीह चौक के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क पर मौजूद ब्रह्मदेव तांती को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग का दायां हाथ ट्रक की चपेट में आकर बुरी तरह कुचल गया।
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद चौक पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घायल बुजुर्ग की मदद के लिए जुट गए।
पीछा करने पर रास्ते में छिपे चालक और उपचालक
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि पकड़े जाने के डर से चालक और उपचालक रास्ते में छिप गए।
बाद में दोनों ने लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के अड़बरिया के पास ट्रक खड़ा कर दिया और बरहट थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
बुजुर्ग का दायां हाथ काटना पड़ा, निजी क्लीनिक में इलाज जारी
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में ब्रह्मदेव तांती को इलाज के लिए जमुई ले गए। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। हालांकि, हाथ बुरी तरह कुचल जाने के कारण डॉक्टरों को उसे काटना पड़ा।
ब्रह्मदेव तांती के बड़े बेटे योगेंद्र तांती, राजकुमार तांती और गौतम तांती समेत परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं। परिवार के लिए यह हादसा किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।
आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज करेगी पुलिस
इस मामले में बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि पुलिस को सड़क हादसे की जानकारी मिली है। ट्रक चालक और उपचालक ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है। पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।