Jamui News: बिहार के जमुई जिले में किसानों की मेहनत पर चोरों की नजर लगातार बनी हुई है। ताजा मामला गिद्धौर प्रखंड के सेवा पंचायत स्थित सरसा गांव से सामने आया है, जहां धान की खेती के लिए खेत में लगाया गया समर्सिबल पंप चोर रातों-रात खोलकर ले गए। घटना के बाद पीड़ित किसान ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
15 दिन पहले कराया था बोरिंग, सिंचाई की तैयारी पर फिरा पानी
जानकारी के अनुसार, गिद्धौर प्रखंड के सेवा पंचायत अंतर्गत सरसा गांव वार्ड संख्या-1 स्थित रेलवे क्रॉसिंग फाटक संख्या-42 के पास किसान विजय यादव ने करीब 15 दिन पहले खेत की सिंचाई के लिए समर्सिबल पंप का बोरिंग कराया था। धान की फसल की सिंचाई के लिए यह पंप लगाया गया था, ताकि समय पर खेतों में पानी पहुंचाया जा सके।

पीड़ित किसान विजय यादव
रात में चलाया था पानी, सुबह पहुंचते ही रह गए दंग
पीड़ित किसान विजय यादव ने बताया कि शनिवार रात उन्होंने धान की खेती के लिए समर्सिबल पंप से खेत में पानी चलाया था। वही सुबह करीब 5 बजे जब वह दोबारा खेत पर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
चोर समर्सिबल पंप की मोटर, स्टार्टर, बिजली का तार और अन्य उपकरण खोलकर फरार हो चुके थे। खेत में केवल बोरिंग का पाइप बचा हुआ था।
किसानों में बढ़ी चिंता, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद आसपास के किसानों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेती में पहले ही लागत लगातार बढ़ रही है, ऊपर से इस तरह की चोरी की घटनाएं किसानों की आर्थिक परेशानी और बढ़ा रही हैं। लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़ित किसान ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को देने की बात कही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी करेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
Written & Edit by : Chandan Patel.
Reported by: Bikki Kumar
ये जरूरी ख़बर भी पढ़े…देश में महाघोटालों की झड़ी! आखिर कब रुकेगा भ्रष्टाचार का यह सिलसिला?
ये जरूरत की खबर भी पढ़े….मार्केट में सबसे अच्छा सेनेटरी पैड कौन सा है? पूरी जानकारी..
