Jamui News: अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची टीम पर हमला

जमुई नगर परिषद क्षेत्र के लगमा मोहल्ले में अवैध शराब तस्करी की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर कथित रूप से शराब तस्करों और उनके सहयोगियों ने हमला कर दिया। इस दौरान टीम पर जमकर पथराव किया गया, जिसमें एक उत्पाद सिपाही घायल हो गया। हालांकि विभाग की तत्परता से एक आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से अवैध शराब भी बरामद की गई।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी छापेमारी

जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग को लगमा मोहल्ले में अवैध शराब की तस्करी होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के निर्देश पर उत्पाद थाना प्रभारी गौरीशंकर कुमार के नेतृत्व में टीम सोमवार देर रात कार्रवाई के लिए पहुंची थी।

“चोर-चोर” का शोर मचाकर लोगों को जुटाने का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों और विभागीय सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान कुछ लोगों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए “चोर-चोर” का शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। आरोप है कि इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम पर पथराव शुरू कर दिया गया।

पथराव में उत्पाद सिपाही घायल

अचानक हुए हमले में उत्पाद विभाग के सिपाही अमर लाल घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त बल को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और अभियान जारी रखा।

पांच लीटर अवैध शराब के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने पंचानंद रावत के पुत्र मुकेश कुमार को खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब पांच लीटर अवैध शराब बरामद की गई। विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जमुई सदर अस्पताल में कराया गया इलाज

घटना में घायल सिपाही और गिरफ्तार आरोपी दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घटना के बाद यह चर्चा भी सामने आई कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी को चोट लगी है। हालांकि उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की मारपीट के आरोपों से इनकार किया है।

जमुई ,Jamui News
घटना में घायल सिपाही और गिरफ्तार आरोपी दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।

सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, टीम पर हमला करने और अवैध शराब बरामदगी के मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान और अधिक तेज किया जाएगा।

जमुई में शराब तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान

बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद कई क्षेत्रों में अवैध शराब तस्करी के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसे में उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। लगमा मोहल्ले की यह घटना बताती है कि शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और जवानों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

खैरा के पहाड़ी गांवों में नल-जल योजना बनी मजाक, एक साल बाद भी नहीं पहुंचा पानी, ग्रामीण बोले- सिर्फ कागजों में बह रहा विकास, ये खबर भी पढ़े…

 के आगे जलजमाव, मरीजों को हो रही भारी परेशानी, ये खबर भी पढ़े…

Edited and Written by : Chandan Patel.

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *