संसारपुर गांव के पास हुआ भीषण सड़क हादसा: जमुई जिले के गिद्धौर-झाझा मुख्य राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आइसक्रीम विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा संसारपुर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने बाइक सवार आइसक्रीम विक्रेता को कुचल दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान तारडीह निवासी बिरजू यादव के रूप में हुई है
मृतक की पहचान बिरजू यादव (40 वर्ष) के रूप में की गई है, जो गंगरा पंचायत के तारडीह गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार बिरजू यादव झाझा के दादपुर स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री से आइसक्रीम का माल लेकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गिद्धौर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि बिरजू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के बाद 3 घंटे तक रहा सड़क जाम
घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने गिद्धौर-झाझा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम करीब तीन घंटे तक जारी रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी- लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
ग्रामीण मृतक के परिवार को मुआवजा और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष राशि मालिक, अवर निरीक्षक रंजीत कुमार राय, ममता प्रकाश, पंकज सिंह, मनीष कुमार सहित कई पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं बीडीओ सुनील कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।
गंगरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कल्याण सिंह की पहल पर ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया।
ट्रक जब्त, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने हादसे में शामिल मालवाहक ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश अभी की जा रही है।
क्षेत्र में बढ़ रहे सड़क हादसों से लोगों में आक्रोश
गिद्धौर-झाझा मुख्य मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
सेवा पंचायत में 140 सोलर स्ट्रीट लाइटें बनी शोपीस, अधिकांश कई दिनों से खराब, ये खबर भी पढ़े…
आसान! UIDAI ने 30+ नए Documents को दी मंजूरी, क्लिक करे और देखें पूरी लिस्ट..
Ground Reported by : Bikki Kumar
Edited and Written by : Chandan Patel.
